मथुरा: जीएलए विश्वविद्यालय परिसर में नववर्ष 2026 के आगमन को हर्षोल्लास, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह सहित समस्त स्टाफ ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत केक कटिंग के साथ हुई, जिसके बाद पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बन गया।
नववर्ष समारोह के दौरान स्टाफ सदस्यों ने नए-नए गीतों पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कई स्टाफ सदस्यों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिससे समारोह पूरी तरह यादगार बन गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि नववर्ष केवल कैलेंडर बदलने का अवसर नहीं, बल्कि नए संकल्प, नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का समय है। उन्होंने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और मानवीय मूल्यों को भी समान महत्व देता है। प्रो. गुप्ता ने सभी स्टाफ सदस्यों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए आशा जताई कि वर्ष 2026 विश्वविद्यालय के लिए नई उपलब्धियां लेकर आएगा। उन्होंने सभी को स्वस्थ, सफल और प्रेरणादायी नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय परिवार एक सशक्त टीम के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी सौहार्द, सहयोग और सकारात्मक कार्य संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में भारतीय आइडल फेम आयुष्मान कुमार की शानदार प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा स्टाफ सदस्यों में से देवांश भारद्वाज, विजय शर्मा, हितेश शर्मा, सतीश तथा इंडियन आइकॉनिक पोएट 2025 एवं बीटेक छात्र सिद्धांत जैन ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिया। अन्य प्रतिभागियों ने भी विभिन्न गीतों पर अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं।
संचालन और आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन अंग्रेजी विभाग से डॉ. नेहा कुमारी तथा स्टाफ सदस्य अनमोल नागपाल ने किया, जिनकी संयोजकता और मंच संचालन की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हिमांशु शर्मा ने उपस्थित सभी अतिथियों, आयोजकों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया और नववर्ष 2026 के लिए शुभकामनाएं दीं।

