Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

मुड़िया पूर्णिमा मेला;मथुरा के गोवर्धन और बलदेव में दाऊजी दर्शन को श्रद्धालुओं उमड़ा रेला

  • पुण्य लाभ कमाने के लिए जगह-जगह भंडारे

दैनिक उजाला, मथुरा/बलदेव : मथुरा के गोवर्धन में चल रहे मुड़िया पूर्णिमा मेला में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। यहां के हर रास्ते श्रद्धालुओं से पैक हैं। भक्तों की भीड़ ऐसी कि परिक्रमा मार्ग में पैर रखने की जगह नहीं बची। ठीक ऐसे ही हालात बलदेव में देखे जा रहे हैं। यहां दाऊजी महाराज के दर्शन को श्रद्धालुओं का रेला उमड़ रहा है।

गोवर्धन की 21 किलोमीटर के परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाली गलियों में तो स्थिति यह है कि यहां भक्तों के केवल सर ही सर नजर आ रहे हैं। मेला में कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है।

गिर्राज जी को रिझा रहे भक्त
गोवर्धन में भक्तों की भक्ति और आस्था हिलोरे मार रही है। अपने आराध्य गिर्राज जी को रिझाने के लिए देश विदेश से आए भक्त पूजा अर्चना कर 21 किलोमीटर की पैदल परिक्रमा लगा रहे हैं।
भजनों की धुन के बीच परिक्रमा मार्ग जन सैलाब से भर गया है। गोवर्धन आने वाले हर रास्ते पर बस केवल भक्त ही भक्त नजर आ रहे हैं।

बलदेव में दाऊजी दर्शन को उमड़ा रेला

मान्यता है कि गोवर्धन में गिर्राज महाराज की परिक्रमा के बाद श्रद्धालु बलदेव में दाऊजी दर्शन को पहुंचते हैं। मुड़िया पूर्णिमा मेला की शुरूआत से ही बलदेव में श्रद्धालुओं का भारी संख्या में आवागमन शुरू हो गया था। बलदेव पुलिस ने भी इसमें देरी न कर श्रद्धालुओं राहत के लिए जगह-जगह वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया, जिससे श्रद्धालु पैदल मंदिर तक आसानी से पहुंच सकें।

बलदेव में जगह-जगह लगे भंडारे

गुरू पूर्णिमा के अवसर पर पुण्य लाभ कमाने के लिए बलदेव में जगह-जगह पूड़ी, सब्जी, माल पुआ के भंडारे नजर आये। भक्त भी इस प्रसादी को जमकर पाते हुए नजर आये। बलदेव वासियों की सेवा से भक्त भी गद्गद् हो गए।

सुबह 4 बजे ही खुल गए दाऊजी दर्शन

बलदेव में सुबह करीब 4 बजे ही दाऊजी महाराज व माता रेवती के पट खुल गए। मंगला के दर्शनों को भारी भीड़ श्रद्धालुओं की देखी गयी। मंगला दर्शन के एक घंटे बाद भव्य श्रृंगार में दाऊजी महाराज व माता रेवती ने दर्शन दिए। दर्शनों को भारी भीड़ नजर आ रही है।

20 कुंटल मिश्री का लगेगा भोग

गुरू पूर्णिमा पर बलदेव कस्बा में जगह-जगह माखन मिश्री के फड़ लगे हुए हैं। सेवायत ज्ञानेन्द्र पांडेय कहते हैं कि ऐसे अवसर में प्रत्येक श्रद्धालु मिश्री का भोग लगाकर अपने आप को धन्य समझता है। आज के दिन करीब 20 कुंटल मिश्री का भोग लगने का अनुमान है। दर्शनों अब भी श्रद्धालुओं रेला नजर आ रहा है। बाजारों में भी काफी भीड़ देखी जा रही है। बलदेव पुलिस भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *