Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

महाराष्ट्र: लोकसभा के बाद अब विधासनभा में कांग्रेस बनेगी ‘मोठा भाऊ’? किसे कितनी सीटें मिलेंगी, सर्वे में हुआ खुलासा

मुंबई : महाराष्ट्र में कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली शानदार सफलता को विधानसभा में भी दोहराने की तैयारी कर रही है। खबर है कि कांग्रेस ने हाल ही में विधानसभा चुनाव से पहले एक आंतरिक सर्वे कराया है। इसमें महाविकास अघाड़ी (MVA) में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी बनने की बात सामने आई है। अनुमान लगाया गया है कि विपक्षी गठबंधन एमवीए में कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे बेहतर होगा। वहीँ, गठबंधन में ‘मोठा भाऊ’ (बड़ा भाई) बनने की कोशिश कर रही उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) को झटका लगने की संभावना है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस के सर्वेक्षण में पता चला है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी राज्य विधानसभा चुनाव में एमवीए में दूसरे स्थान पर रहेगी। सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि विपक्षी गठबंधन में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को सबसे कम सीटें मिलेंगी।

चंद महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने आंतरिक सर्वे कराया है. इसके मुताबिक लोकसभा की तरह ही विधानसभा में भी कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी बनने का अनुमान है. इस सर्वे के मुताबिक राज्य की 288 सीटों में से कांग्रेस को 85 सीटें मिल सकती है. इसके बाद एनसीपी शरद पवार गुट को 55 से 60 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को 32 से 35 सीटें मिलने की संभावना है।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 17 पर चुनाव लड़ा था और 13 सीटें हासिल करने में कामयाब रही। वहीँ, शिवसेना उद्धव गुट ने सबसे ज्यादा 21 सीटों पर चुनाव लड़ा और महज 9 सीटें जीत सकी। जबकि 10 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली शरद पवार की एनसीपी ने 8 सीटें जीतीं। कुल मिलकर एमवीए ने 48 में से 30 लोकसभा सीटें जीतीं। सांगली से निर्दलीय सांसद विशाल पाटिल चुनाव लड़कर जीते और वे अब एमवीए के साथ हैं।

2019 के लोकसभा चुनाव में जिस कांग्रेस ने महाराष्ट्र में सिर्फ एक सीट हासिल की थी, उसने इस साल 17 में से 13 सीटें जीत लीं। इससे न सिर्फ कांग्रेस का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि उसकी अपने सहयोगियों के साथ बार्गेनिंग पॉवर भी बढ़ी है। कहा जा रहा है कि मुंबई में सीटों को लेकर ठाकरे गुट और कांग्रेस के बीच खींचतान चल रही है। सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए एमवीए की दो बैठकें हो चुकी हैं।

मुंबई में विधानसभा की 36 सीटें हैं। जिसमें से उद्धव ठाकरे गुट 20 से 22 सीटों पर चुनाव लड़ने पर अड़ा है, वहीं कांग्रेस भी 18 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने पर जोर दे रही है। इसके अलावा शरद पवार गुट ने भी सात सीटों पर लड़ने का प्रस्ताव दिया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *