- आईएमडी के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक देश के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है
दैनिक उजाला, डेस्क : देश के सभी राज्यों में मानसून की झमाझम बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश के कारण कुछ राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 जुलाई से 13 जुलाई 2025 तक के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मध्य भारत, पूर्वी भारत, उत्तर-पश्चिमी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे किसानों और आम नागरिकों को राहत और सतर्कता दोनों की आवश्यकता होगी। वहीं, कुछ राज्यों में गर्मी और नमी का असर भी देखने को मिलेगा।
पूर्व और मध्य भारत में कहां-कहां होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 8 से 13 जुलाई तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 8 से 10 जुलाई, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में 8 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9, 12 और 13 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश में 8 से 10 जुलाई तक बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं, ओडिशा में 8 जुलाई, विदर्भ में 8 और 9 जुलाई और छत्तीसगढ़ में 8 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है।

