कोलकाता/नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में TMC के IT सेल के चीफ के ठिकानों पर गुरुवार को हुई ईडी रेड के विरोध में TMC दिल्ली से कोलकाता तक विरोध प्रदर्शन कर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईडी पर दो FIR भी दर्ज कराई है। उन्होंने कोलकाता में मार्च भी निकाला।
इधर कलकत्ता हाईकोर्ट ने कोर्ट परिसर में भारी भीड़ और हंगामे की वजह से ED की याचिका पर सुनवाई टाल दी है। याचिका में ममता बनर्जी के खिलाफ छापेमारी के दौरान हस्तक्षेप करने के आरोप में FIR दर्ज करने की मांग की गई थी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ सैकड़ों TMC कार्यकर्ता मार्च में शामिल हुए।
TMC सांसदों का दिल्ली में प्रदर्शन
इससे पहले शुक्रवार सुबह पार्टी के 8 सांसदों ने दिल्ली में गृह मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। डेरेक ओ ब्रॉयन, महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद नारेबाजी करते नजर आए। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई, कुछ सांसद गिर भी गए। पुलिस ने सांसदों को सुबह 10 बजे हिरासत में लिया और दोपहर 12 बजे छोड़ा।
इस कार्रवाई के बाद ममता बनर्जी ने X पर लिखा- गृह मंत्री के दफ्तर के बाहर विरोध करना, हमारे चुने हुए प्रतिनिधियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्हें सड़कों पर घसीटना कानून का पालन नहीं है, बल्कि यह पुलिस की घमंड दिखाने की कोशिश है।

दिल्ली पुलिस ने टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को प्रदर्शन की जगह से हटाया।

सांसद महुआ मोइत्रा को भी पुलिस उठाकर ले गई। उन्होंने कहा कि ये गलत है।
एक दिन पहले ED की टीम ने गुलाउडन स्ट्रीट स्थित घर और दूसरी टीम सॉल्टलेक स्थित दफ्तर पर छापा मारा था। प्रतीक जैन ही ममता बनर्जी के लिए पॉलिटिकल स्ट्रैटजी तैयार करते हैं।
कांग्रेस नेता बोले- TMC प्रवासी मजदूरों पर हमले का विरोध नहीं करती
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि TMC सिर्फ ED की छापेमारी पर ही विरोध कर रही है, लेकिन बंगाल के प्रवासी मजदूरों पर हमलों पर कभी विरोध नहीं किया।
चौधरी ने कहा कि जब बंगाल के मजदूर देश के अलग‑अलग हिस्सों में काम करने जाते हैं और “बांग्लादेशी होने” के बहाने उन पर हमला होता है और उन्हें भागना पड़ता है, उस समय TMC सांसदों ने न तो संसद में और न ही बाहर कोई विरोध प्रदर्शन किया।
ममता ने ईडी के खिलाफ 2 FIR दर्ज कराई
ममता बनर्जी ने शुक्रवार को ईडी के खिलाफ दो शिकायतें दर्ज कराई। ये शिकायतें राजनीतिक कंसल्टेंसी फर्म I-PAC के ऑफिस और इसके प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर हुई छापों से जुड़ी हैं। इन शिकायतों के आधार पर कोलकाता और बिधाननगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू कर दी।
ED रेड पर कलकत्ता हाइकोर्ट में सुनवाई 14 जनवरी तक टली
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक कलकत्ता हाई कोर्ट ने कोर्टरूम में बेकाबू भीड़ के कारण I-PAC के दफ्तरों पर ED की छापेमारी से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई 14 जनवरी तक के लिए टाल दी है।

