इंफाल/चुराचांदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर के चुराचांदपुर और इंफाल पहुंचे। उन्होंने चुराचांदपुर में ₹7,300 करोड़ औ इंफाल में ₹1,200 करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की शिलान्यास और उद्घाटन किया। मणिपुर में मई, 2023 में हिंसा भड़कने के बाद PM मोदी का यह पहला दौरा है।
प्रधानमंत्री ने इंफाल में कहा- मणिपुर में किसी भी तरह की हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें राज्य को शांति और विकास के रास्ते पर लेकर जाना है।नचुराचांदपुर में PM ने कहा- मैं सभी संगठनों से शांति के रास्ते पर आगे बढ़ने की अपील करता हूं। मैं वादा करता हूं, मैं आपके साथ हूं।
PM चुराचांदपुर में हिंसा पीड़ितों से मिलने रिलीफ कैंप गए। इंफाल में कार्यक्रम स्थल पर हिंसा पीड़ितों से बात की। चुराचांदपुर कुकी बहुल पहाड़ी इलाका है। इंफाल घाटी इलाका है और मैतेई समुदाय का गढ़ है। पिछले दो साल से, दोनों समुदायों की एक-दूसरे के इलाकों में आवाजाही बंद है।
मोदी की बातें…
- मणिपुर, मां भारती के मुकुट पर सजा मुकुट रत्न है। हमें मणिपुर की विकासवादी छवि को लगातार मजबूत करना है। मणिपुर में किसी भी तरह की हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। ये हिंसा हमारे पूर्वजों और हमारी भावी पीढ़ी के साथ भी बहुत बड़ा अन्याय है।
- मणिपुर में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि हम संवाद का रास्ता निरंतर मजबूत करें। हमें पहाड़ी और घाटी के लोगों के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु बनाना है। मणिपुर के युवा की पहचान को हिंसा की काली छाया में नहीं डूबने देना चाहिए।
- मणिपुर आशा और उम्मीद की भूमि है। दुर्भाग्य से, हिंसा से इस शानदार इलाके को अपनी चपेट में ले लिया था। कुछ समय पहले, मैं राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों से मिला। उनसे मिलने के बाद, मैं कह सकता हूं कि उम्मीद और विश्वास की नई सुबह मणिपुर में दस्तक दे रही है।
- किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए शांति जरूरी है। पिछले 11 सालों में, पूर्वोत्तर में कई संघर्ष समाप्त हुए हैं। लोगों ने विकास को प्राथमिकता देते हुए शांति का मार्ग चुना है। मणिपुर में भी समझौता वार्ता शुरू हो गई है। यह संवाद, सम्मान और आपसी समझ के साथ शांति स्थापित करने की सरकार की पहल का एक हिस्सा है।
- मैं नेपाल में अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालने पर 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से सुशीला कार्की को हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि वे नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी।

PM मोदी पहले इंफाल एयरपोर्ट पर उतरे। वे वहां से हेलिकॉप्टर से चुराचांदपुर जाने वाले थे। हालांकि, इंफाल में भारी बारिश हो रही थी। इसके कारण PM सड़क मार्ग से चुराचांदपुर गए।
मोदी ने कहा- मणिपुर के खिलाड़ियों के बिना भारत के खेल अधूरे
प्रधानमंत्री ने कहा- मणिपुर के अनेक संतानें देश के अलग-अलग हिस्सों में मां भारती की रक्षा में जुटे हुए हैं। हाल ही में, ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत की सेना लोहा माना। हमारी सेना ने ऐसा कहर बरपाया कि पाकिस्तान त्राहि-त्राहि करने लगा। इसमें मणिपुर का भी बड़ा योगदान है।
PM मोदी ने कहा- मैंने साल 2014 में कहा था कि मणिपुर की संस्कृति के बिना भारत की संस्कृति और यहां के खिलाड़ियों के बिना भारत के खेल अधूरे हैं। मणिपुर का युवा, तिरंगे की शान के लिए तन-मन-धन से समर्पित युवा है।
प्रधानमंत्री ने कहा- इंफाल को विकसित भारत के शहरों में देखता हूं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- 21वीं सदी का यह समय नॉर्थ ईस्ट का है। इसलिए, भारत सरकार ने मणिपुर के विकास को निरंतर प्राथमिकता दी है। इसी का परिणाम है कि मणिपुर की विकास दर लगातार बढ़ रही है। 2014 से पहले, मणिपुर की विकास दर एक प्रतिशत से भी कम थी। अब, मणिपुर पहले से कई गुना तेजी से प्रगति कर रहा है।
PM ने कहा- मणिपुर में बुनियादी ढांचे के निर्माण का एक नया दौर शुरू हो गया है। मुझे खुशी है कि मणिपुर में सड़कों और नेशनल हाईवे बनाने की रफ्तार कई गुना बढ़ी है। यहां गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाने के लिए तेजी से काम हो रहा है। इंफाल संभावनाओं का शहर है। मैं इस शहर को विकसित भारत के उन शहरों के रूप में देखता हूं, जो हमारे युवाओं के सपनों को पूरा करेगा। देश के विकास को गति देगा।
इंफाल में कार्यक्रम स्थल के पास कांग्रेस-MPP यूथ विंग का प्रदर्शन
कांग्रेस और मणिपुर पीपुल्स पार्टी (MPP) के यूथ विंग के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को इंफाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास प्रदर्शन किया। युवाओं ने प्रधानमंत्री के दौरे का विरोध किया और इसे एक राजनीतिक चाल करार दिया।
मणिपुर पीपुल्स पार्टी यूथ फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने अपने ऑफिस के पास पोस्टर लेकर नारे लगाए और दावा किया कि प्रधानमंत्री की यात्रा का मकसद राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करना नहीं है। MPP का ऑफिस कंगला किले के पास है, जहां प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और एक जनसभा करने वाले हैं।
कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से लगभग 100 मीटर दूर कांग्रेस भवन के सामने भी इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने से रोक दिया।
खड़गे बोले- मणिपुर में PM का 3 घंटे रुकना करुणा नहीं, पीड़ितों का अपमान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मणिपुर दौरे को लेकर PM मोदी की आलोचना की। खड़गे ने X पर लिखा- मणिपुर में आपका तीन घंटे का पड़ाव करुणा नहीं है। यह एक दिखावा और घायल लोगों का घोर अपमान है। आज इंफाल और चुराचांदपुर में आपका तथाकथित रोड शो, राहत शिविरों में लोगों की चीखें सुनने से बचने का एक कायराना प्रयास है।
खड़गे ने कहा- मणिपुर में चुपचाप जाना कोई पश्चाताप नहीं है। यह अपराधबोध भी नहीं है। आप अपने लिए एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित कर रहे हैं। यह उन लोगों के जख्मों पर एक हमला है जो अभी भी आपकी बुनियादी संवैधानिक जिम्मेदारियों से भागने के कारण पीड़ित हैं! आपसे आपके ही शब्दों में पूछता हूं…आपका राजधर्म कहां है?

