देहरादून/चंडीगढ़/शिमला/जयपुर : उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से मौसम बदल गया है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में देर रात से बारिश हो रही है। तेज हवाएं चल रही हैं। कई जिलों में तापमान घट गया है।
हिमालय के राज्यों में भी बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल के शिमला-मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे साढ़े तीन महीने से चल रहा ड्राई स्पेल खत्म हो गया है।
जम्मू-कश्मीर के मैदानी और पहाड़ी जिलों में बर्फबारी जारी है। श्रीनगर एयरपोर्ट पर 4 इंच तक बर्फ जम गई है, इसके कारण शुक्रवार के लिए सभी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैं। श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद है।
नवयुग टनल के पास ट्रैफिक रोक दिया गया है। मुगल, सिंथन रोड भी बंद हैं। कटरा में बर्फबारी के कारण वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है। राजौरी, पुंछ और कठुआ में स्कूल बंद हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 26 जनवरी को दूसरा स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इससे उत्तर भारत के 9 राज्यों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ या वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, पश्चिम से आने वाली हवा और बादलों का एक सिस्टम होता है। इसके एक्टिव होने से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश होती है। तापमान में गिरावट, पाला और कोल्डवेव के हालात बनते हैं।

जम्मू के कटरा में शुक्रवार को हुई बर्फबारी के बाद वैष्णो देवी मंदिर की तस्वीर, यात्रा रोक दी गई है।

कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी जारी है, यहां अभी 5 फीट तक बर्फ जमा है।

शिमला में सीजन का पहला हिमपात हुआ। बर्फबारी गुरुवार रात से जारी है।

शिमला में ढली टनल चौक के पास बर्फबारी के कारण ट्रैफिक रोक दिया गया है।
उत्तराखंड के मसूरी में भी सीजन की पहली बर्फबारी
हरियाणा में अगले 6 घंटों में बारिश-ओले का अलर्ट
प्राइवेट एजेंसी स्काइमेट के मुताबिक अगले 4-6 घंटों के दौरान हरियाणा के अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुड़गांव, हिसार, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। साथ ही कुछ जगहों पर मध्यम बिजली और ओलावृष्टि भी होगी।
जम्मू के पुंछ में 10 साल बाद हुई बर्फबारी
बर्फ के बीच गुजरी कटरा से श्रीनगर जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस
राजस्थान के सीकर में चने के आकार के ओले गिरे

राजस्थान के सीकर जिले के कई इलाकों में सुबह 6 बजे करीब ओले गिरे। बारिश के साथ गिरे ओलों से फसलों को भारी नुकसान की आशंका है। किसानों ने बताया कि करीब 10 से 15 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे हैं।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल…
24 जनवरी
- वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा, लेकिन उत्तर भारत में मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं होगा।
- राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
25 जनवरी
- मौसम मुख्य रूप से आंशिक रूप से बादल वाला या साफ रहेगा। हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना।
- सर्द हवाओं का असर बढ़ सकता है, न्यूनतम तापमान में 2-4°C की गिरावट या स्थिर रहने की उम्मीद है।

