मुंबई : एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने 3 संदिग्ध को हिरासत में लिया है। इनमें से दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि इनमें से दो ने फायरिंग की। मुंबई क्राइम ब्रांच राजस्थान, गुजरात में कई जगह छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक फायरिंग के बाद आरोपी एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी होते हुए भागे। उन्होंने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ी और बोरीवली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए।
पुलिस ने यह बाइक बरामद कर ली है। तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपियों ने वारदात से पहले टाइगर की गतिविधियों की रेकी की थी। उन्हें पता था कि एक्टर हर रविवार जुहू के फुटबॉल ग्राउंड आते हैं।
पुलिस के मुताबिक, टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई। फायरिंग में उनके ड्राइवर को भी चोट लगी। टाइगर की कार पर शाम 7 बजे 3 लोगों ने फायरिंग की थी। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। 4 साल में सलमान खान समेत 8 एक्टर्स-सिंगर्स पर अटैक हो चुका है।
कोटा में पकड़े गए 3 आरोपियों में से एक नाबालिग
ऋतिक मुंबई में रैपिडो चलाता है: 22 साल का ऋतिक बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है। इसके पिता का नाम रामू महतो है। फिलहाल यह मुंबई के अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास रहता है और ‘रैपिडो’ बाइक चलाता था।
रेहान सोनीपत का रहने वाला: 18 साल के रेहान के पिता का नाम रशीदुद्दीन अंसारी है। यह हरियाणा में सोनीपत के सदर थाना क्षेत्र की ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है।
नाबालिग (उम्र 17 साल): यह हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है।
संजय राउत बोले- महाराष्ट्र में जंगलराज हो गया है
शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री होने के साथ राज्य के गृहमंत्री भी हैं। उनके पास कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है। मुंबई में इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं, जिनमें सलमान खान, बाबा सिद्दीकी, शिवसेना कार्यकर्ता प्रदीप पुर्णेकर पर हमला भी शामिल है। ये जंगलराज है।
राउत ने आगे ये भी कहा कि सरकार अगर कानून-व्यवस्था में नाकाम है तो सरकार को हटाकर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए। महाराष्ट्र के हालात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संभल नहीं रहे हैं।
पुलिस बोली- टाइगर का रूटीन जानते थे हमलावर
टाइगर श्रॉफ हमला मामले में अब मुंबई पुलिस गुजरात, राजस्थान तक जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने हमले की साजिश रची। इसके लिए उन्होंने एक्टर के पूरे रूटीन पर नजर रखी थी। उन्हें पता था कि टाइगर रविवार को जुहू फुटबॉल ग्राउंड पर फुटबॉल खेलने जाते है। हमलावरों ने उसी समय अटैक किया, जब वे ग्राउंड से कार की तरफ जा रहे थे।
सांसद रवि किशन ने कहा- टाइगर को महादेव ने बचाया
एक्टर और भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि यह चिंता और जांच का विषय है। जो भी दोषी हैं, उन्हें कठोर सजा होनी चाहिए। महादेव-माता रानी ने उनकी (टाइगर श्रॉफ) रक्षा की है। महाराष्ट्र पुलिस और महाराष्ट्र सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। आरोपी जल्दी पकड़े जाएंगे।
हमले पर शत्रुघ्न सिन्हा बोले- कल की घटना चौंकाने वाली
टाइगर पर हमले पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘आखिर ये सब क्या हो रहा है? एक बेहद काबिल पिता के बेटे और सबसे चहेते स्टार टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाना, उन पर गोलीबारी करना बेहद गंभीर है। टाइगर खुशकिस्मत रहे कि उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को बुरी तरह चोट लगी। ये घटना बेहद चिंताजनक और चौंकाने वाली है।’

