नई दिल्ली/देहरादून/लखनऊ/शिमला/पटना : उत्तराखंड में आज 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस 24°C रहा।
राजस्थान के 10 से ज्यादा शहरों में टेंपरेचर 10° डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा सर्दी फतेहपुर और पाली में रही। इन शहरों का न्यूनतम तापमान 4.9°C और 5°C रहा।
उत्तर प्रदेश के 19 और बिहार के 5 जिलों में आज घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में सुबह और देर रात विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है।
9 से 11 फरवरी के बीच उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख जैसे क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

जम्मू कश्मीर के नथाटॉप में ताजा बर्फबारी हुई।

उत्तराखंड के चमोली में स्थित नारायण पर्वत पूरी तरह बर्फ से ढंका हुआ है।

उत्तराखंड के नैनीताल में सुबह के समय छाया हल्का कोहरा।

राजस्थान के अलवर में शनिवार सुबह सरसों की फसल पर ओस जम गई।
अगले दो दिन का मौसम…
- 10 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में सुबह मध्यम कोहरा रहेगा।
- 11 फरवरी: हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव कमजोर पड़ना शुरू होगा। ऊपरी इलाकों में अभी भी हल्की बर्फबारी या बारिश संभव है, मैदानी इलाकों में कोहरा और कम रहेगा।
बिहार: 5 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट, 1 से 3 डिग्री सेल्सियस टेंपरेचर में हो सकता है उतार-चढ़ाव

बिहार के 5 जिलों में आज कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में सुबह और देर रात विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है। प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। सुबह-शाम ठंड महसूस होगी। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा। तापमान में 1-3 डिग्री तक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
उत्तराखंड: 5 जिलों में आज बारिश-बर्फबारी, 2 में कोहरे का अलर्ट; 7 शहरों में पारा -10°C से नीचे, मुनस्यारी सबसे ठंडा

उत्तराखंड में आज 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 2 जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा होने की संभावना है। पिथौरागढ़ जिले का मुनस्यारी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
पंजाब: दिन में तेज हवाएं चलेंगी, सुबह और शाम सर्दी, फरीदकोट में सबसे कम तापमान

पंजाब और चंडीगढ़ में अब सुबह-शाम की ठंड रह गई है, जबकि दिन में तेज धूप निकल रही है। आज से लेकर 14 फरवरी तक मौसम शुष्क (ड्राई) रहेगा। बारिश और धुंध की कोई संभावना नहीं है। दिन में हवाएं जरूर चलेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सबसे कम तापमान फरीदकोट में 5 डिग्री रहा।
हरियाणा: 26 डिग्री तक पहुंचा दिन का तापमान, 17 फरवरी के बाद फिर बदलेगा मौसम

हरियाणा में फरवरी की शुरुआत के साथ ही ठंड के तेवर नरम पड़ने लगे हैं। अधिकांश जगहों पर सुबह और रात के समय न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। रविवार को जहां प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट हुई, वहीं दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 17 फरवरी के बाद एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और आसमान में बादल छा सकते हैं।
राजस्थान: ओस की बूंदें जमीं, बादल छाए, 10 से ज्यादा शहरों का पारा सिंगल डिजिट में

राजस्थान के कुछ इलाकों में सर्दी अब भी कम नहीं हो रही। सोमवार की सुबह अलवर में फसलों पर ओस की बूंदे जम गईं। सुबह-सुबह हल्का कोहरा रहा और बादल छाए। यहां का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में बादल छाए हैं। वहीं 10 से ज्यादा शहरों का तापमान सिंगल डिजिट में रहा।
मध्य प्रदेश: अगले 2 दिन तेज सर्दी, फिर तापमान बढ़ेगा, कटनी-शहडोल में टेंपरेचर सबसे कम

मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन तक तेज सर्दी रहेगी। इस दौरान ग्वालियर-चंबल के साथ रीवा और शहडोल संभाग के शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहेगा। अभी कटनी और शहडोल में टेंपरेचर सबसे कम है। वहीं, भोपाल और इंदौर में भी पारे में गिरावट देखी गई है। प्रदेश में सबसे ठंडा कटनी का करौंदी रहा। यहां 5.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश: 19 जिलों में आज घने कोहरे का अलर्ट, कल से पारा 3 डिग्री तक बढ़ेगा, कोहरा अब खत्म होगा

उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में आज सोमवार सुबह घने कोहरे का अलर्ट है। मंगलवार से तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार दिखाई दे रहे हैं। रविवार को बिजनौर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में कोहरे का असर लगभग खत्म होने वाला है। अगले दो-तीन दिन में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

