नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को संसद की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे। राहुल ने लंदन में उनके बयान को लेकर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- मैंने लंदन में भारत के खिलाफ कुछ नहीं कहा था। अगर संसद में मुझे बोलने का मौका मिलेगा, तो मैं अपनी बात रखूंगा। उन्होंने आगे कहा कि मेरा बोलना भाजपा को पसंद नहीं आता है।
ताजा खबर यह है कि बीती रात विदेश से लौटने के बाद राहुल गांधी गुरुवार दोपहर संसद पहुंचे। राहुल ने अपनी सफाई में कहा है कि उन्होंने देश के खिलाफ कुछ नहीं बोला है। राहुल ने साफ किया कि यदि लोकसभा स्पीकर उन्हें अनुमति देंगे तो वो सदन में जरूर इस पर अपनी बात रखेंगे।
इस बीच, संसद में गुरुवार को भी हंगामा हुआ। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार संसद नहीं चलने दे रही है। मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए मंत्री ही हंगामा कर रहे हैं।
राहुल गांधी के आचरण की विशेष समिति से जांच की मांग
इससे पहले विदेशी मंच से भारतीय लोकतंत्र पर सवाल खड़ा करने के मुद्दे पर भाजपा राहुल गांधी को चौतरफा घेरने लगी है। अदाणी मुद्दे पर बिना साक्ष्य ही राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाने का मामला पहले ही विशेषाधिकार समिति के समक्ष है।

