मथुरा : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वृंदावन के प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए हैं। राष्ट्रपति के दर्शन के लिए मंदिर को कुछ समय के लिए आम भक्तों के लिए बंद रखा गया, ताकि उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान रिजर्व समय में किसी भी भक्त को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
राष्ट्रपति आज गुरुवार को स्पेशल ट्रेन से मथुरा के वृंदावन पहुंचीं। रेलवे स्टेशन पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह समेत तमाम सीनियर अधिकारियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद, राष्ट्रपति ने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। वे निधिवन पहुंचीं।
कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु दोपहर 3:30 बजे मथुरा के कुब्जा कृष्ण मंदिर पहुंचेंगी, जहां वह करीब 30 मिनट तक रहेंगी। इसके बाद, 4:15 बजे वह श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगी, जहां वह दर्शन और पूजन करेंगी। शाम 5 बजे राष्ट्रपति मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी, जहां से वह ट्रेन से दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति जिस स्पेशल ट्रेन से वृंदावन पहुंची हैं, वह महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन है। 16 कोच की ये ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होती है, जिसमें राष्ट्रपति के साथ उनके स्टाफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने पिछली बार जून 2023 में इसी विशेष ट्रेन से सफर किया था और वे भुवनेश्वर से अपने गृहनगर रायरंगपुर (ओडिशा) गई थीं। 2 साल 3 महीने बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने दोबारा इस ट्रेन से सफर किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मथुरा-वृंदावन दौरे को लेकर रेलवे स्टेशनों, लाइनों के किनारे और ओवरब्रिजों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। आरपीएफ और जीआरपी के जवान पूरे सेक्शन में तैनात हैं। राष्ट्रपति के पहुंचने से पहले ही वरिष्ठ अधिकारियों ने सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर और राष्ट्रपति के यात्रा कार्यक्रम के अन्य स्थलों पर सुरक्षा के सभी पहलुओं की गहन जांच की गई।

राष्ट्रपति दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेनों में से एक महाराजा एक्सप्रेस से मथुरा के वृंदावन पहुंचीं।

कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।

बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने आरती की।

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष और सदस्यों ने राष्ट्रपति मुर्मू को बांके बिहारी जी की छवि भेंट की।
सुदामा कुटी ने पारिजात का पौधा लगाया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुदामा कुटी में पारिजात का पौधा लगाया।
कौशल किशोर भगवान का पूजन किया, संतों संग तस्वीर खिंचवाई


सुदामा कुटी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कौशल किशोर भगवान का पूजन किया। यहां उन्होंने संतों संग तस्वीर खिंचवाई।
सुदामा कुटी आश्रम में भजन कुटी का लोकार्पण, गोपूजन किया

सुदामा कुटी आश्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भजन कुटी का लोकार्पण किया।

राष्ट्रपति ने सुदामा कूटी आश्रम में गौ पूजन भी किया।
निधिवन में पुजारियों ने राष्ट्रपति को बंशी भेंट की




