Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

पंजाब: अमृतसर के एक मंदिर में धमाका, बाइक सवार 2 युवकों ने ग्रेनेड से किया हमला

अमृतसर : अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में एक मंदिर में बड़ा धमाका हुआ है। मोटरसाइकिल पर आए दो नौजवानों ने मंदिर पर ग्रेनेड से हमला किया है। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मोटरसाइकिल पर दो नौजवान आते हैं, उनके हाथ में एक झंडा भी है। वह कुछ सेकंड मंदिर के बाहर खड़े होते हैं और कोई चीज मंदिर की तरफ फेंकते हैं। इसके बाद जैसे ही ये युवक मौके से भागते हैं, उसी दौरान मंदिर में एक बड़ा धमाका होता है। 

कहां का है मामला?

ये मामला अमृतसर के खंडवाला इलाके में ठाकुरद्वारा मंदिर का है। इसी मंदिर पर ग्रेनेड से हमला हुआ है। जानकारी मुताबिक, देर रात 12:35 बजे के करीब यह हमला हुआ है। हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मंदिर पर जब यह हमला हुआ तो मंदिर के पंडित भी अंदर सोए हुए थे। हालांकि गनीमत यह रही कि मंदिर के पंडित को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

पुलिस की तरफ से सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ये पता लगाया जा रहा है कि आखिर यह हमलावर कौन लोग थे और यह किस तरह का हमला था।

सीसीटीवी में क्या सामने आया

सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि 2 युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर रात के वक्त आते हैं। एक युवक बाइक पर ही बैठा रहता है और दूसरा युवक सड़क पर उतरता है। इस दौरान रोड पर सन्नाटा है और कोई दूसरा राहगीर वहां नहीं दिखाई दे रहा है। इसी दौरान ये दूसरा युवक ग्रेनेड को मंदिर की ओर फेंकता है और दौड़कर बाइक पर बैठकर वहां से निकल जाता है। इसके कुछ देर बाद ही मंदिर में धमाका हो जाता है। इस धमाके की आवाज इतनी तेज हुई कि आसपास के लोग भी उठ बैठे और सभी दहशत में हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *