Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

कोहली के रिकॉर्ड से 13 रन दूर रह गए अभिषेक:हार्दिक की सेकेंड फास्टेस्ट फिफ्टी; भारत ने लगातार 8वीं टी-20 सीरीज जीती

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने आखिरी मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। चौथा टी-20 कोहरे की वजह से नहीं खेला जा सका था। शुक्रवार को मिली इस जीत के साथ टीम इंडिया ने लगातार आठवीं टी-20 सीरीज जीतने का कारनामा किया। भारत को आखिरी बार टी-20 सीरीज में हार अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली थी।

अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में भारत के 232 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी। मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर भारत के लिए दूसरी सबसे तेज टी-20 फिफ्टी लगाई। वहीं अभिषेक शर्मा भी ऐतिहासिक उपलब्धि के बेहद करीब रहे। वे एक साल में सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने के विराट कोहली के रिकॉर्ड से सिर्फ 13 रन दूर रह गए।

भारत ने लगातार 8वीं टी-20 सीरीज जीती

भारत ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार आठवीं सीरीज जीतकर अपना दबदबा कायम रखा है। दिसंबर 2023 में भारत ने साउथ अफ्रीका 1-1 से सीरीज बराबरी की थी। इसके बाद से भारत ने सभी सीरीज अपने नाम की है।

इस दौरान भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 4-1, श्रीलंका के खिलाफ 2-0 और अफगानिस्तान के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीती। इसके बाद बांग्लादेश को 3-0 से क्लीन स्वीप किया गया, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की।

हार्दिक पंड्या ने सेकेंड फास्टेस्ट फिफ्टी लगाई

हार्दिक पंड्या ने मात्र 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे तेज हाफ सेंचुरी लगा दी। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ युवराज सिंह हैं, जिनके नाम सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड है। युवराज ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ महज 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। इसी ऐतिहासिक मैच में युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के भी लगाए थे।

कोहली के रिकॉर्ड से अभिषेक शर्मा 13 रन दूर रह गए

अभिषेक शर्मा भारत के लिए एक साल में सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस साल 1602 रन बनाए। अभिषेक विराट कोहली के 2016 के ऐतिहासिक रिकॉर्ड से महज 13 रन दूर रह गए। कोहली ने उस साल 1614 रन बनाए थे, जो अब भी किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक साल में बनाए गए सबसे ज्यादा टी-20 रन का रिकॉर्ड है।

679 गेंदों में संजू सैमसन के 1000 रन पूरे

संजू सैमसन ने 679 गेंदों में 1000 टी-20 इंटरनेशनल रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए गेंदों के हिसाब से सबसे तेज एक हजार रन बनाने के मामले में हार्दिक पंड्या की बराबरी कर ली। वहीं इस सूची में अभिषेक शर्मा टॉप पर हैं, जिन्होंने महज 528 गेंदों में 1000 टी-20 रन का आंकड़ा छुआ है।

तिलक वर्मा ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा

तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने महज 10 पारियों में 496 रन बनाकर इस लिस्ट में पहला स्थान हासिल कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 17 पारियों में 429 रन बनाए थे। इस मामले में विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव भी तिलक वर्मा से पीछे रह गए।

वरुण ने अर्शदीप की बराबरी की

साल 2025 में वरुण चक्रवर्ती ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए एक साल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में अर्शदीप सिंह के बराबरी पर पहुंच गए हैं। वे भुवनेश्वर कुमार के 2022 में बनाए गए 37 विकेट के रिकॉर्ड से एक विकेट दूर रह गए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *