दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 का 16वां एडिशन आज से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट 15 जनवरी से 6 फरवरी तक दो अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप में कुल 41 मुकाबले खेले जाएंगे।
22 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट में 16 टीमें खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी। मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया है, जबकि सबसे ज्यादा पांच बार ट्रॉफी जीत चुका भारत छठा टाइटल जीतने के लिए मैदान में होगा।
कहां और कब होंगे मुकाबले?
वर्ल्ड कप के सभी मैच जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले जाएंगे। मुकाबले स्थानीय समय के अनुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे, जबकि भारतीय समय के हिसाब से दोपहर 1 बजे से खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का पहला मैच 15 जनवरी को भारत और अमेरिका के बीच जिम्बाब्वे के बुलावायो स्थित क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
सभी मुकाबले 50-50 ओवर के होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत ग्रुप स्टेज से होगी, जहां 16 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है और हर टीम अपने ग्रुप की बाकी टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप की टॉप-3 टीमें यानी कुल 12 टीमें सुपर सिक्स के लिए क्वालीफाई करेंगी, जबकि चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें प्लेसमेंट मैच खेलेंगी।
सुपर सिक्स स्टेज में 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप-ए और ग्रुप-डी की टॉप-3 टीमें मिलकर एक ग्रुप बनाएंगी, जबकि ग्रुप-बी और ग्रुप-सी की टॉप-3 टीमें दूसरे सुपर सिक्स ग्रुप में शामिल होंगी।
इस स्टेज की सबसे खास बात यह है कि ग्रुप स्टेज में जिन टीमों को हराकर कोई टीम सुपर सिक्स में पहुंचती है, उनके खिलाफ हासिल किए गए पॉइंट्स आगे भी जोड़े जाएंगे। सुपर सिक्स के बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और फिर जीतने वाली टीमें 6 फरवरी को हरारे में फाइनल खेलेगी।
भारत का ग्रुप और मुकाबले
भारत को ग्रुप-बी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और अमेरिका से होगा। टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेलेगी।
टूर्नामेंट से पहले खेले गए अभ्यास मैचों में भारत को एक जीत और एक हार का सामना करना पड़ा। पहले मुकाबले में भारत ने स्कॉटलैंड को हराया, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 50 गेंदों में 96 रन बनाए। दूसरे अभ्यास मैच में टीम को इंग्लैंड के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा।
भारत-पाकिस्तान मैच होगा या नहीं
इस अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में रखे गए हैं। ऐसे में ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों की भिड़ंत नहीं होगी। हालांकि, अगर दोनों टीमें सुपर सिक्स या सेमीफाइनल तक का सफर तय करती हैं, तो नॉकआउट स्टेज में भारत–पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिल सकता है। हाल ही में दोनों टीमों की टक्कर अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में हुई थी, जहां पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
भारत के नाम 5 U-19 वर्ल्ड कप खिताब
भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे सफल टीम रही है। टीम अब तक पांच बार (2000, 2008, 2012, 2018 और 2022) यह खिताब जीत चुकी है, जबकि 2006, 2016, 2020 और 2024 में टीम उपविजेता भी रही।
मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 2024 के फाइनल में भारत को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया अब तक कुल चार बार चैंपियन बन चुका है। इसके अलावा पाकिस्तान ने दो बार, जबकि वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और इंग्लैंड एक-एक बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुके हैं।

