दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत-साउथ अफ्रीका चौथा टी-20 मैच देखने के लिए एक क्रिकेटप्रेमी ने गेहूं बेचकर टिकट खरीदा था। एक तो नेपाल से लखनऊ सिर्फ मैच देखने आया था लेकिन घने कोहरे के कारण मैच रद्द हो गया। निराश दर्शकों ने टिकट के पैसे मांगने शुरू कर दिए। अब बीसीसीआई उनके पैसे लौटाएगा।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 17 दिसंबर को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना था। शहर में शाम से ही कोहरा था। इसके बावजूद हजारों दर्शक स्टेडियम पहुंचे। हालांकि मैच में टॉस तक नहीं हो सका। अंपायरों ने छह बार मैदान का मुआयना किया। आखिर में तय हुआ कि विजिबिलिटी कम है और मैच नहीं हो सकता। इसलिए दर्शकों को बिना मैच देखे ही लौटना पड़ा।
BCCI के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि सभी इंटरनेशनल मैचों का इंश्योरेंस होता है, जो आयोजन करने वाली राज्य क्रिकेट एसोसिएशन कराती है। नियम के मुताबिक अगर मैच में एक भी गेंद फेंकी जाती, तो पैसा वापस नहीं मिलता। भारत-साउथ अफ्रीका चौथे टी-20 मैच में टॉस तक नहीं हुआ। इसलिए यूपी क्रिकेट एसोसिएशन इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम करेगी।
यह प्रक्रिया पूरी होने में करीब 7 से 10 दिन लगेंगे। टिकट ऑनलाइन बेचे गए थे, इसलिए दर्शकों की जानकारी उपलब्ध है। इंश्योरेंस का पैसा मिलने के बाद टिकट की रकम सीधे दर्शकों के बैंक खातों में वापस भेज दी जाएगी।

कोहरा कम होने का इंतजार करते फैंस।
मैच रद्द होने से दर्शकों ने पैसे लौटाने की मांग की थी
मैच रद्द होने के बाद दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली। एक क्रिकेटप्रेमी ने कहा, मैंने 3 बोरे गेहूं बेचकर टिकट खरीदा था। मेरे पैसे वापस करो। एक अन्य क्रिकेटफैन ने कहा कि वह नेपाल से सिर्फ मैच देखने के लिए लखनऊ आया था लेकिन अब निराश होकर लौटना पड़ रहा है। कुछ युवाओं ने बताया कि उन्होंने 2–3 महीने तक पॉकेट मनी जमा कर टिकट खरीदा था। ऐसे में बिना एक भी गेंद फेंके मैच रद्द हो जाना उनके लिए निराशाजनक रहा। इन दर्शकों की मांग थी कि टिकट के पूरे पैसे वापस किए जाने चाहिए।
मैच का टिकट 500 रुपए से 25 हजार तक
इकाना स्टेडियम में मैच के टिकट 500 रुपए से लेकर 25 हजार रुपए तक के थे। सबसे सस्ता टिकट 500 रुपए का था, जबकि इसके बाद 8,500 रुपए का टिकट उपलब्ध था। हॉस्पिटैलिटी टिकट में फुल बुफे की सुविधा दी गई थी। वहीं, VIP लाउंज के टिकट की कीमत 25 हजार रुपए तक थी।
सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे
5 मैच की टी-20 सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे है। भारत ने पहला मैच 101 रन से जीता था, इसके बाद साउथ अफ्रीका ने मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे मैच में 51 रन से जीतकर वापसी की। तीसरे मैच में धर्मशाला में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए फिर बढ़त बना ली। आखिरी मैच 19 दिसंबर को अहमदबाद में खेला जाएगा।
2 साल पहले धर्मशाला में भारत-न्यूजीलैंड मैच रोका गया था
2 साल पहले 2023 वनडे वर्ल्ड कप में कोहरे के कारण भारत-न्यूजीलैंड मैच को रोका गया था। 15 से 20 मिनट के लिए कुछ समय तक मैच रुकने के बाद मुकाबला शुरू हुआ था। उस मुकाबले को भारत ने 4 विकेट से जीता था।

