दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम अब एक और खिताब के लिए मैदान में उतरने जा रही है। अब बारी एशिया कप की है, जो इस बार टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया का ऐलान किया जा चुका है। वैसे एशिया कप का आगाज तो 9 सितंबर से हो जाएगा, लेकिन भारत को अपना पहला मैच 10 सितंबर को खेलना है, जब उसका मुकाबला यूएई से होगा। इसके बाद 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। वैसे तो टीम इंडिया इस खिताब को जीतने की प्रबल दावेदार है, लेकिन कुछ बातें हैं, जो टेंशन पैदा कर सकती हैं। खास तौर पर बल्लेबाजी की गहराई की बात की जाए तो वहां दिक्कत हो सकती है।
नंबर आठ पर कौन करेगा बल्लेबाजी
एशिया कप में टीम इंडिया के नंबर आठ पर बल्लेबाजी के लिए कौन आएगा, ये बड़ा सवाल होगा। अगर भारतीय टीम की गेंदबाजी को देखें तो जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ये वो गेंदबाज हैं, जिन्हें हर हाल में भारत की प्लेइंग इलेवन में खेलना चाहिए। लेकिन इन चारों की खास बात ये है कि ये गेंदबाजी तो कमाल की करेंगे, लेकिन अगर बल्लेबाजी की जरूर पड़ी तो वे यहां चूक जाएंगे। चारों में से कोई भी बेहतर बल्लेबाज नहीं हैं। जोकि चिंता का विषय है।
क्या हर्षित राणा को मौका देंगे सूर्या
टी20 ऐसा मैच होता है, जहां भारतीय टीम की कोशिश होती है कि नंबर आठ तक कोई बल्लेबाज मिल जाए। सवाल ये है कि क्या कुलदीप या वरुण चक्रवर्ती में से किसी को बाहर कर हर्षित राणा को बल्लेबाजी का मौका दिया जाएगा, जोकि ठीकठाक बल्लेबाजी कर लेते हैं। हालांकि अभी तक हर्षित ने केवल एक ही टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला है, ऐसे में उन पर ज्यादा भरोसा करना भी घातक हो सकता है।
रिस्की हो सकता है ये फैसला
दरअसल मामला ये है कि टीम इंडिया का जो मौजूदा मैनेजमेंट है, वो चाहता है कि बल्लेबाजी क्रम कम से कम आठ नंबर तक हो, ताकि जरूरत पड़ने पर निचले क्रम का बल्लेबाज भी बल्लेबाजी कर पाए। माना जा रहा है कि इसी वजह से हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है, जबकि जैसा कि पहले ही बताया, उनके पास केवल एक ही टी20 इंटरनेशनल मैच का अनुभव है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

