- बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक पीपल के पेड़ के नीचे एक बंद थैले में नवजात बच्ची मिली है
बरेली : यूपी के बरेली से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बारादरी थानाक्षेत्र में बंद थैले में कपड़े में लिपटा हुई एक नवजात बच्ची मिली। किसी ने नवजात बच्ची को थैले में बंद कर कड़ाके की ठंड में छोड़ दिया। अगर समय रहते पुलिस वहां नहीं पहुंचती तो शायद बच्ची की जान भी जा सकती थी। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया है। इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की इलाके में जमकर सराहना हो रही है।
बारादरी थानाक्षेत्र में शनिवार रात लगभग 8 बजे इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय पुलिस टीम के साथ अपनी नियमित गश्त पर थे। दौरान रोहेलखंड चौकी के निकट एक पीपल के पेड़ के नीचे बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो देखा कि पेड़ के नीचे बंद थैले में नवजात शिशु कपड़े में लिपटा हुआ पड़ा है। नवजात बच्ची ठंड से कांप रही थी और लगातार रो रही थी। टीम ने बच्ची को थैले से निकाल कर तुरंत परमेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद‘चाइल्ड हेल्पलाइन 1098’ को सूचना दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम अस्पताल पहुंची तथा बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इंसानियत की मिसाल बनी पुलिस
इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि रविवार को बच्चे को थाने के माध्यम से ‘चाइल्ड लाइन’ को सौंप दिया गया, जिसके बाद बच्चे को जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया है। समय पर इलाज मिलने से बच्ची की हालत में सुधार हुआ है और अब वह स्वस्थ बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बच्ची को गंभीर नुकसान हो सकता था। अस्पताल में बच्ची को गर्म कपड़े पहनाए गए। उसे दूध दिया गया और लगातार निगरानी में रखा जा रहा है।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब जांच में जुटी है कि नवजात बच्ची को वहां किसने छोड़ा। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही हाल ही में हुए प्रसव और अस्पतालों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्ची के माता-पिता तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने कहा कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

