ललितपुर : यूपी के ललितपुर स्थित सजनाम बांध पर एक असामान्य घटना देखी गई। जहां बांध का पानी आसमान की ओर उड़ता दिखाई दिया। कुछ ग्रामीणों ने इसे कुदरत का चमत्कार मानते हुए वीडियो बनाया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जनपद के तहसील महरौनी क्षेत्र में सजनाम बांध निर्मित है। वर्तमान में मानसून का सीजन चल रहा है और बांध लबालब हो गया है। पिछले दो दिनों से जनपद झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार को सजनाम बांध के भराव क्षेत्र का पानी अचानक ऊपर आसमान की ओर जाने लगा। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
बताया जा रहा है कि करीब पांच मिनट तक प्रकृति का यह अद्भुत हैरान करने वाला नजारा चलता रहा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सहायक अभियंता सिंचाई खंड विनोद कुमार के मुताबिक इस प्रकार की घटना को जल बबंडर बताया। जिसमें हवा चलने और दबाव होने पर पानी आसमान की ओर जाता है। यह आमतौर पर गर्मी के दिनों में आते है, जब तेज हवा चलती है और धूल का बबंडर उठता है।
सजनाम बांध में उठे इस प्रकार के जल बबंडर की घटना इससे पूर्व भी करीब दो-तीन साल पहले हो चुकी है। उस समय भी इसी प्रकार का जल बबंडर उठा था और बांध का पानी आसमान की ओर उड़ गया है। इस प्रकार की घटनाएं प्राकृतिक है और होती रहती हैं। इससे बांध की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं होता है।

