प्रयागराज : प्रयागराज में संगम की रेती पर चल रहे माघ मेले का बुधवार को 12वां दिन है। संगम नोज की ओर जाने वाले हर रास्ते पर श्रद्धालुओं की हुजूम दिखाई दे रहा है। देशभर से श्रद्धालु लगातार संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद साधु-संत, अखाड़े और कल्पवासी संगम की रेती पर डेरा जमाए हैं और तपस्या कर रहे हैं।
आम दिनों में 10 लाख श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। लेकिन, कई जगहों पर आज मकर संक्रांति मनाए जाने की वजह से मेले में भीड़ ज्यादा है। अब तक 20 लाख से ज्यादा लोगों ने संगम में डुबकी लगा ली है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है।
इसके अलावा, मेले में श्रद्धालुओं के साथ ही साधु संतों, नागा बाबाओं के अपने अलग और अनूठे रंग में हैं। मंगलवार रात सतुआ बाबा ने ऊंट की सवारी की। रीलबाज खुशी ने संगम नोज पर डांस का वीडियो बनाया और 30 किलोग्राम रुद्राक्ष के साथ रुद्राक्ष वाले बाबा भी चर्चा में रहे।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। नदी में जल पुलिस तैनात है। पुलिसकर्मी घोड़ों से मार्च कर रहे हैं। गाड़ियों की मेला क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है, ताकि पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इससे पहले मंगलवार शाम नारायण शुक्ला धाम शिविर में आग लग गई। इससे 15 टेंट और 20 दुकानें जलकर राख हो गईं। शिविर में कल्पवास कर रहे लोग जान बचाकर भागे। दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद आग बुझा ली गई।

मकर संक्रांति के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु संगम स्नान के लिए पहुंच रहे हैं।

रीलबाज खुशी ने संगम नोज पर डांस किया और वीडियो बनाया।

रुद्राक्ष वाले बाबा रोज सुबह से रात तक 30 किलोग्राम वजन की 11 हजार रुद्राक्ष पहनते हैं।

संगम जाने वाले हर रास्तों पर भीड़ नजर आ रही।

एक युवक ने मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा लेकर संगम में डुबकी लगाई।
माघ मेले में पुष्पा स्टाइल में पहुंचा युवक, बोला- झुकेगा
माघ मेले में पुष्पा स्टाइल में युवक पहुंचा। उसने कहा- झुकेगा नहीं…। इधर राज करने को आया है। दुनिया में कहीं भी रहेगा झुकेगा नहीं।
संगम क्षेत्र में खिचड़ी और खीर बांटी जा रही
संगम क्षेत्र में आज मकर संक्रांति के अवसर पर जगह-जगह प्रसाद वितरण किया जा रहा है जिसमें खिचड़ी और खीर शामिल है
मुलायम सिंह की प्रतिमा लेकर पहुंचा छात्र, लगवाई डुबकी
जौनपुर के प्रतियोगी छात्र अवनीश कुमार मुलायम सिंह की प्रतिमा लेकर संगम में पहुंचा। यहां उसने चुपके से प्रतिमा का संगम में स्न्नान कराया।
30 किलो के रुद्राक्ष धारण कर पहुंचे ‘रुद्राक्ष बाबा
संगम की रेती पर सजे महाकुंभ में आस्था के अद्भुत रंग देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में श्री तपोनिधि निरंजनी पंचायती अखाड़े से ताल्लुक रखने वाले दिगंबर अजय गिरी बाबा अपने शरीर पर भारी-भरकम रुद्राक्ष की मालाएं धारण कर कुंभ क्षेत्र में पहुंचे हैं। रुद्राक्ष वाले बाबा ने 11 हजार रुद्राक्ष धारण किए हैं। इसका कुल वजन 30 किलोग्राम हैं। बाबा का कहना है कि यह उनकी भक्ति का मार्ग है। वे प्रतिदिन सुबह स्नान और नित्य कर्म से निवृत्त होकर इन मालाओं को पूरे विधि-विधान के साथ धारण करते हैं और रात को विश्राम के समय ही इन्हें उतारते हैं।

