Breaking
Tue. Feb 10th, 2026

मथुरा: परिवार के 5 लोगों की मौत मामले में नया मोड़, सभी ने आत्महत्या नहीं की, 4 लोगों की हत्या हुई, देखें मरने से पहले का VIDEO

  • यूपी के मथुरा में 5 लोगों की मौत मामले में नया मोड़ आया है, पहले ये जानकारी मिली थी कि पांच लोगों ने सुसाइड की है लेकिन बाद में सामने आया कि इनमें से 4 लोगों की हत्या हुई और एक ने आत्महत्या की

मथुरा: यूपी के मथुरा से मंगलवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक पूरे परिवार के लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिवार में कुल 5 लोग थे। पहले ये जानकारी सामने आई थी कि सभी ने सुसाइड किया है लेकिन बाद में ये जानकारी मिली कि गृहस्वामी ने सबसे पहले अपने 3 मासूम बच्चों की गला दबाकर हत्या की, फिर पत्नी के सिर पर वार कर उसे मारा और फिर खुद को करंट लगाकर जान दे दी। इस तरह एक ही घर से 5 अर्थी निकलने से हड़कंप मच गया।

इस मामले में गृहस्वामी मनीष ने मरने से पहले एक वीडियो भी बनाया। इस वीडियो में मनीष ने बताया है कि वह खुद आत्महत्या कर रहा है और इस मामले में किसी को परेशान नहीं किया जाए। 

क्या है पूरा मामला?

महावन थाना क्षेत्र के गांव खप्परपुर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामले में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। गृहस्वामी ने अपने तीन मासूम बच्चों का गला दबाया, फिर पत्नी के सिर पर वार किया। खुद करंट लगाकर जान दे दी। मृतक के मोबाइल में एक वीडियो मिला है, जिसमें उसने कहा है कि वह खुद आत्महत्या कर रहा है, किसी को परेशान न किया जाए। घर की दीवार और एक पर्ची पर भी आत्महत्या करने की बात लिखी है। गृहस्वामी करीब तीन वर्ष से तंत्र-मंत्र के चक्कर में भी था।

खप्परपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष जाटव, उनकी पत्नी 32 वर्षीय सीमा, पांच वर्षीय बेटी हनी, चार वर्षीय प्रियांशी और दो वर्ष के बेटे पंकज का शव सुबह के घर के अंदर पड़ा मिला। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोस में रह रहे मनीष के भाई पीछे की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। खिड़की से देखा तो कमरे में पांचों लोगों के शव पड़े थे। 

ग्रामीणों के साथ दरवाजा तोड़ा और कमरे के अंदर घुसे, फिर पुलिस को सूचना दी। मनीष ने अपने घर की दीवार पर लिखा है कि मैं मनीष आत्महत्या कर रहा हूं, किसी को परेशान न किया जाए। घर के कमरे में एक पर्ची मिली है, इस पर भी लिखा है कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं, किसी को परेशान न किया जाए। 

पुलिस ने मनीष के मोबाइल से एक वीडियो भी बरामद किया है, इसमें मनीष कह रहे हैं कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। यह भी कहा है कि कुछ दिन पहले उन्होंने साढ़े 12 लाख रुपये की जमीन बेची थी, उसका पैसा भी उन्हें मिल गया है। प्रथम दृष्टया पत्नी के सिर पर किसी वस्तु से मनीष ने प्रहार किया, फिर तीन बच्चों का गला दबाया, उनकी मृत्यु के बाद खुद को करंट लगा लिया। घटनास्थल पर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार पहुंचे। डीएम ने बताया कि वीडियो में भी मनीष ने आत्महत्या की बात कही है। आत्महत्या है या फिर कोई और कारण यह भी पता किया जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *