नई दिल्ली : WFI के पूर्व चीफ बृजभूषण शरण सिंह और पहलवानों के बीच चल रहे विवाद में पहलवान विनेश फोगाट ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। विनेश का साफ़ कहना है की केंद्र सरकार भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) चीफ और उत्तर प्रदेश से बीजेपी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बचाने की कोशिश कर रही है। इसिलए वो गिरफ्तार नहीं हो पा रहा। विनेश ने आगे कहा – यह मुद्दा इतना बड़ा बन चुका है, देश के लिए खेलने वाले पहलवान इतने दिनों से अपना सबकुछ छोड़ धरने पर बैठे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस पर एक शब्द नहीं बोला है, मैं प्रधानमंत्री की चुप्पी से आहत हूं।
आगे विनेश ने बताया की 7 जून को जब धरना-प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के साथ खेलमंत्री बैठक कर रहे थे, तो उनका ध्यान हमारी ओर था हीं नहीं। वो हमारी चिंताएं सुनने के बजाए अपने मोबाइल में व्यस्त थे। उन्हें हमारी शिकायतें सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं थी। बता दें कि, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कुछ दिन पहले ही पहलवानों से बात की थी। जिसमें भरोसा दिया था कि 15 जून को केस की चार्जशीट पेश होगी और 30 जून तक हर हाल में WFI के चुनाव करा लिए जाएंगे।
विनेश फोगाट ने आगे कहा कि खेलमंत्री के कथन अनुसार अब हम चार्जशीट का इंतजार कर रहे हैं। अगर उसके बाद भी बृजभूषण पर कठोर कार्रवाई नहीं होती है, तो इसी रात को यानी (15 जून) मीटिंग कर अगले दिन के आंदोलन का फैसला कर इसका ऐलान कर दिया जाएगा।
अगर सरकार हमें दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना शुरू करने का इजाजत नहीं देगी तो हम रामलीला मैदान या फिर किसी अन्य जगह पर फिर से आंदोलन शुरू कर देंगे। विनेश फोगाट ने आगे सिंह पर आरोप लगते हुए कहा कि ट्रेनिंग कैंप और टूर्नामेंट में बृजभूषण युवा महिला पहलवानों को अकेला पाकर छूने के लिए हरसंभव तरीके का इस्तेमाल करते थे। ऐसा बार-बार होता था। लेकिन डर की वजह से सब चुप रह जाते थे।
बृजभूषण सिंह एक ताकतवर आदमी हैं। उनपर इतने घिनौने आरोप लगे हैं फिर भी वो वह हर जगह घूम रहे हैं, रैली कर रहे हैं और हमें घर बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कई शिकायतों के बाद भी हमारी बात कोई सुन ही नहीं रहा था, मजबूरन हमें सार्वजनिक प्रदर्शन करना पड़ा, ताकि देश को पता चले कि संघ के चीफ देश के शीर्ष पहलवानों से कैसा व्यवहार करते हैं।

