- दाऊजी महाराज के पाटोत्सव पर सुबह से दोपहर तक चला दाऊजी सहस्त्रनाम पाठ
दैनिक उजाला, मथुरा/बलदेव : ब्रज के राजा बलदाऊजी महाराज के 443वें पाटोत्सव पर दाऊजी मंदिर में तड़के ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अगहन पूर्णिमा के अवसर पर ही बलदेव का सुप्रसिद्ध मेला भी शुरू हो गया। मेला को देखने के लिए भी काफी भीड़ उमड़ रही है।
मंगलवार को अगहन पूर्णिमा के मद्देनजर तड़के 4 बजे मंदिर के पट खुल गए थे। इसके बाद करीब 1 घंटे मंगला दर्शन हुए। तत्पश्चात ही ब्रजराजा और माता रेवती को स्नान कराया गया और विशेष श्रृंगार धारण कराये गए। विशेष श्रृंगार में दाऊजी महाराज की मनोहारी छवि के दर्शन करने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। आसपास के गांव छौली, अमीरपुर, हथौड़ा, अवैरनी, जुगसना, हथकौली, किलौनी, मड़ौरा, पटलौनी से तो दर्शन करने लिए दर्शनार्थी आये हुए ही थे, बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु पहुंचे। दाऊजी महाराज व माता रेवती के जयकारों से परिसर गुंजायमान हो उठा।

अगहन पूर्णिमा पर 443वें पाटोत्सव पर मंदिर प्रांगण में ही पांडेय समाज के लोगों द्वारा बलदेव सहस्त्रनाम पाठ का भी आयोजन किया। 30 से अधिक पांडेय समाज के लोगों ने विशेष वस्त्र धारण कर सहस्त्रनाम पाठ में हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त भक्तों ने लड्डू, मेवा, पेड़ा आदि का भोग लगाकर भक्तों को प्रसादी तौर पर वितरण किया। दाऊजी महाराज का प्रसाद ग्रहण कर भक्त अपने आप को धन्य समझ रहे थे।

मंदिर प्रांगण के पीछे बलभद्र क्षीर सागर में भी श्रद्धालुओं ने स्नान किया और आचमन लिया। क्षीर सागर में स्नान और आचमन लेने बाद बलदाऊजी परिक्रमा भी की। दाऊजी मंदिर की छतों पर भी परिक्रमार्थी परिक्रमा देते हुए नजर आये।

लक्खी मेला देखने के लिए उमड़ी भीड़
443वें पाटोत्सव के अवसर पर बलदाऊजी का सुप्रसिद्ध लक्खी मेला भी शुरू हो गया है। मेले में झूला, डांस पार्टी, बच्चा खेलकूद पार्टी, रेल गाड़ी, बच्चा रेलगाड़ी, मौत का कुंआ, खान-पीन की चीजें, खेल-खिलौने, चांट पकौड़ी आदि देखने और खरीदने की वस्तुएं भी हैं। मेले के बाहर ही जलेबी के ठेले लग हुए हैं। यहां से मेला दर्शक गर्म-गर्म जलेबी का भी आनंद ले रहे हैं।
मेला बलदेव क्षेत्र की शान व गौरव
बलदेव : ब्रज क्षेत्र में बलदेव का प्रसिद्ध अगहन पूर्णिमा लक्खी मेला का शुभारंभ फीता काटकर विधायक पूरन प्रकाश, एडीएम योगानंद पांडेय, चेयरमैन डॉ मुरारी लाल अग्रवाल, एसडीएम महावन नीलम श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह, ईओ सविता वर्मा, नायाब तहसीलदार साविका शर्मा ने विधिवत रूप से किया। विधायक पूरन प्रकाश ने कहा बलदेव मेला बलदेव क्षेत्र की शान व गौरव है, भव्य बनाने के लिए प्रयास प्राथमिकता से होगा। प्राचीन व प्रसिद्ध मेले भाईचारे के प्रतीक हैं, केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से धार्मिक स्थलों का काफी विकास हुआ है और हो रहा है, पर्यटन को बहुत अधिक बढ़ावा मिल रहा है। शासन से मेला को विशेष व्यवस्था का प्रयास प्राथमिकता से रहेगा। बलदेव मेला में ब्रज तीर्थ विकास परिषद से चार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। एसडीएम महावन नीलम श्रीवास्तव ने कहा मेला में जो भी सुविधा व व्यवस्था प्रशासन स्तर से होगी वह प्राथमिकता से कराई जाएगी किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। बलदेव चेयरमैन डॉ मुरारी लाल अग्रवाल ने कहा मेला ऐतिहासिक है। सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लीं है। सभी अतिथियों का स्वागत चेयरमैन डॉ मुरारी लाल अग्रवाल व समस्त सभासदों ने शॉल ओढ़ाकर श्रीदाऊजी महाराज की छवि भेंटकर स्वागत सम्मान किया। कार्यक्रम में ईओ सविता वर्मा, नायब तहसीलदार साविका शर्मा, सुनील पांडेय, थाना प्रभारी संजय त्यागी, उपनिरीक्षक मुनेंद्र सिंह, अनिल रावत अजीत सिंह छौंकर, देवेंद्र परिहार, लेखराज सिंह, विनोद मोदी, सुदीप बंसल, सुधाकर उपाध्याय, सभासद बलराम शर्मा कन्हैया लाल रावत, ठेकेदार योगेन्द्र पांडेय आदि थे।

