नई दिल्ली : दिवाली के बाद सोमवार सुबह दिल्ली-NCR की हवा की क्वालिटी गंभीर कैटेगरी में पहुंच गई। रविवार रात लोगों ने जमकर पटाखे जलाए, जिसके बाद सोमवार सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में विजिबिलिटी भी काफी कम रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के पटपड़गंज में AQI में 418, ITO पर AQI 406, राजीव चौक पर AQI 381 और साउथ एक्सटेंशन के आसपास के क्षेत्र में AQI 360 दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत 10 शहरों में सोमवार को हवा का स्तर खतरनाक रहा। सुबह 7 बजे प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ का AQI 500 के पार पहुंच गया।
यूपी में ठंड और कोहरे ने भी असर दिखाना शुरू कर दिया है। 15 से ज्यादा शहरों में घना कोहरा छाया रहा। रात का तापमान 15°C से नीचे लुढ़क गया है। मध्य प्रदेश में भी ठंड बढ़ रही है। रविवार रात भोपाल, इंदौर समेत 14 शहरों में पारा 14°C से कम रहा।
राजस्थान के शहरों में रविवार को दिन में सामान्य से ज्यादा गर्मी रही। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38°C के पार चला गया। ये पिछले 10 साल में दूसरा मौका है जब यहां तापमान 38°C के ऊपर रिकॉर्ड हुआ है।

गुरुग्राम में AQI 400 के पार हुआ। घने स्मॉग की परत छाई।

दिल्ली के AIIMS के आसपास रविवार को एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 387 दर्ज किया गया।

यूपी में ठंड बढ़ गई है। दिवाली की सुबह 10 शहरों में धुंध छाई रही। तस्वीर अयोध्या के सरयू घाट की है।

हरियाणा में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को बल्लभगढ़ का AQI 409 दर्ज हुआ।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा।

