- पोस्टमॉर्टम में दम घुटने से मौत की बात
बेंगलुरु : बेंगलुरु की स्टार्टअप कंपनी की CEO सूचना सेठ ने अपने 4 साल के बेटे की हत्या प्लान की थी। इसी प्लानिंग के तहत 39 साल की सूचना अपने बेटे को लेकर गोवा आई और होटल रूम में उसका मर्डर किया। गोवा पुलिस ने मर्डर के दो दिन बाद बुधवार को इस बात की आशंका जाहिर की है।
गोवा पुलिस के मुताबिक, जिस होटल के कमरे में महिला रूकी हुई थी, वहां से कफ सिरप की दो खाली बॉटल्स बरामद हुई हैं। पुलिस को शक है कि मर्डर से पहले सूचना ने अपने बेटे को कफ सिरप की हैवी डोज दी होगी। सूचना ने कफ सिरप की एक बॉटल होटल के एक स्टाफ से मंगवाई थी। सूचना ने कहा था कि उसे खांसी है।
इधर, बच्चे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी सामने आई है। कर्नाटक के हिरियूर सरकारी अस्पताल के डॉक्टर कुमार नाइक ने बताया कि बच्चे की हत्या गला घोंटकर की गई है। ऐसा लग रहा है कि तकिया या तौलिया से गला घोंटा गया है। हाथ का इस्तेमाल नहीं हुआ है। बच्चे का चेहरे और छाती सूज गई थी। उसके नाक से खून बह रहा था। बच्चे की मौत पोस्टमॉटर्म से करीब 36 घंटे पहले हुई थी।
बेंगलुरु की स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल AI लैब की फाउंडर और CEO सूचना 6 जनवरी को गोवा के सोल बनयान ग्रांडे होटल में अपने बेटे के साथ आई थी। सोमवार (8 जनवरी) को उसने होटल से चेक-आउट किया था। वह टैक्सी से बेंगलुरु के लिए निकली थी।

इधर, होटल स्टाफ सूचना का रूम साफ करने गए तो खून से सना तौलिया देखा। इसके बाद गोवा पुलिस को जानकारी दी गई। सोमवार (8 जनवरी) की रात कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु पहुंचने से पहले चित्रदुर्ग से उसे हिरासत में लिया। मंगलवार (9 जनवरी) को गोवा पुलिस ने सूचना को गिरफ्तार कर लिया। गोवा की मापुसा कोर्ट ने उसे 6 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मूल रूप से पश्चिम बंगाल की निवासी है। वह बेंगलुरु में रहती थी। वहीं वेंकट रमन केरल के रहने वाले हैं। दोनों की 2010 में शादी हुई थी। वेंकट रमन एक AI डेवलपर हैं। 2019 में सूचना ने एक बेटे को जन्म दिया।
हालांकि, 2020 से सूचना और उसके पति के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों ने 2022 में तलाक की अर्जी लगाई। कोर्ट ने आदेश दिया था कि सूचना के पति अपने बच्चे से हर रविवार को मिल सकते हैं। हालांकि सूचना नहीं चाहती थी कि उसका पति बेटे से मिले। पुलिस को शक है कि इसी वजह से सूचना ने अपने बेटे की हत्या की होगी।

