गुवाहाटी : असम के कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) के इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 50 पैसेंजर घायल हुए हैं। हालांकि रेलवे ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, हादसा डिगारू स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी लाइन पर लेने के दौरान हुआ। लोको पायलट दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए स्पीड कम नहीं कर सका। इससे ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई और इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतर गए।
45 सेकेंड के वीडियो में ट्रेन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। इसमें कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के उपकरण दिख रहो हैं। लोको पायलट की आवाज सुनाई दे रही है। इसमें वो कह रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं हो रहा। सिग्नल फेल है। इमरजेंसी लगा हुआ है, काम नहीं कर रहा है। एस9 ए9 कुछ भी काम नहीं कर रहा है।

ट्रेन का इंजन पटरी पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गया। इसके बाद ट्रेन के अन्य डिब्बे भी पटरी से उतर गए।

ट्रेन का इंजन भी पटरी से उतर गया।

ट्रेन कोलकाता से मिजोरम के सैरंग तक जा रही थी।

ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

हादसे में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे के बाद रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था कर दी गई है।

