- देश की राजधानी दिल्ली में आज शीत लहर चल रही है। उत्तर रेलवे की करीब 20 ट्रेन देरी से चल रही हैं
नई दिल्ली : पूरे देश में इस समय कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ कोहरे का कहर जारी है। दिल्ली में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से चार डिग्री कम है। घने कोहरे ने सड़क यातायात के साथ रेल मार्ग यातायात पर भी काफी असर डाला है जिसके चलते उत्तर रेलवे की करीब 20 ट्रेन देरी से चल रही हैं। कश्मीर में बुधवार को भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड जारी रही। बिहार की राजधानी पटना सहित पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। राजस्थान में ठंड का कहर देखने को मिल रहा है।
राजस्थान में भी सर्दी अपना सितम दिखा रही है। हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा शून्य से भी नीचे पहुंच गया है। बढ़ती ठंड के चलते कारों के शीशों पर बर्फ की परत देखने को मिल रही है। राजस्थान में ठंड का कहर जारी है। प्रदेश के इलाकों में कोहरे की घनी चादर छाई हुई है। प्रदेश के अधिकांश जिलों के पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है।
देश की राजधानी दिल्ली में आज शीत लहर जारी है। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से चार डिग्री कम है। आईएमडी ने आगे भविष्यवाणी की कि बुधवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शहर भर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 पर भी पीएम2.5 का स्तर 348 पर था, जबकि पीएम10 270 पर था, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
जम्मू में रात के तापमान में काफी सुधार हुआ है, जबकि कश्मीर में बुधवार को भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान माइनस 2.4, गुलमर्ग में माइनस 3.2 और पहलगाम में माइनस 3.9 दर्ज किया गया। लद्दाख के लेह शहर में न्यूनतम तापमान माइनस 9, कारगिल में माइनस 7.3 और द्रास में माइनस 10.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू शहर में रात का न्यूनतम तापमान 6.1, कटरा में 7.2, बटोट में 3, भद्रवाह में 1 और बनिहाल में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
घने कोहरे ने सड़क यातायात के साथ रेल मार्ग यातायात पर भी काफी असर डाला है जिसके चलते उत्तर रेलवे की करीब 20 ट्रेन देरी से चल रही हैं। ट्रेनों की देरी से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेनें एक घंटे से 6:30 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। कोहरे और धुंध के चलते इन ट्रेनों में सफर करने वाले लोगों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार रेलवे यह कोशिश करता है कि ट्रेनों का समय बिल्कुल ठीक रहे लेकिन इस मौसम में कोहरे के सामने तकनीक भी बेसर दिखाई देती है।
बिहार की राजधानी पटना सहित पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। प्रदेश में फारबिसगंज बुधवार को सबसे ठंडा रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री, गया का 6.7 डिग्री, भागलपुर का 10.1 डिग्री, मोतिहारी का 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एस के पटेल ने बताया कि धरती की सतह पर पछुआ जबकि ऊपरी क्षेत्र में पुरवा हवा चल रही है। इस कारण अगले एक दो दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान दिन भर शीत दिवस जैसी स्थिति रहेगी।

