पटना : बिहार में जदयू-भाजपा गठबंधन की नई सरकार के गठन के बीच आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि RJD ने गठबंधन का धर्म का पालन किया है, लेकिन उन्होंने धोखेबाजी की। खेला अभी बाकी है, जदयू 2024 में खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा, “मैं जो कहता हूं वह करता हूं। जद (यू) 2024 में खत्म हो जाएगी। खेल अभी शुरू हुआ है। मुझे विश्वास है कि (बिहार के) लोग हमारे साथ हैं और हमारा समर्थन करेंगे।”
तेजस्वी ने आगे कहा, “हमारा उद्देश्य बिहार में रोजगार, न्याय, बेहतर स्वास्थ्य सेवा, बेहतर शिक्षा, विकास और निवेश के अवसर प्रदान करना था। अगर कोई भाजपा के 17 साल के शासनकाल की तुलना हमारी सरकार के 17 महीनों से करेगा तो उसे ऐतिहासिक फैसले मिलेंगे। हम जाति जनगणना, आईटी नीतियां, पर्यटन नीतियां, खेल नीतियां और बढ़ा हुआ आरक्षण लाए। अगर बीजेपी सत्ता में आती है और काम करती है तो क्या वे इसका श्रेय नहीं लेंगे? विभाग और मंत्री हमारा है तो क्या हम श्रेय नहीं लेंगे?”
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार जब भाजपा के साथ थे,तब उन्होंने एक भी नियुक्ति पत्र नहीं बांटे। जबकि हमारी सरकार 9 अगस्त 2022 को सत्ता में आई और हमने 15 अगस्त को ही लाखों नौकरियों की घोषणा नीतीश कुमार से करवाई। सभी विभागों में नौकरियां मिलनी शुरू हुईं। राष्ट्रीय जनता दल के मंत्रियों के पास जो विभाग थे, सभी ने अच्छा काम किया। लेकिन इनकी पार्टी के मंत्री कई विभागों की फाइलें दबाकर बैठे थे।

