दैनिक उजाला, मथुरा : भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी की बेटी ईशा और आहना देवल शनिवार को मथुरा पहुंचीं। लोकसभा का चुनाव लड़ रहीं मां हेमा मालिनी का समर्थन करने पहुंची ईशा और आहना ने यहां सबसे पहले बांके बिहारी जी के दर्शन किए। फूल बंगला में विराजमान बांके बिहारी के दर्शन कर मंत्र मुग्ध हो गईं।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन व पूजा करने के बाद मीडिया से मुलाकात करते हुए ईशा देओल ने कहा ठाकुर बांकेबिहारी जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया है। मेरी मां हमेशा से कृष्ण भक्त रही हैं। यही कारण है उन्होंने संसदीय क्षेत्र के रूप में मथुरा को चुना। हम जब बहुत छोटे थे तभी से मां के साथ वृंदावन आते थे। हमने लगभग सभी मंदिरों के पहले ही दर्शन किये हैं। भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से एक बार फिर से हेमा जी ही जीतने जा रही हैं।
हेमामालिनी की राजनीतिक विरासत संभालने के सवाल पर कहा अभी आगे देखा जाएगा। इससे पहले अहाना और ईशा ने मंदिर में सेवायत आभाष गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। सेवायतों ने ईशा और अहाना को ठाकुरजी का प्रसादी अंगवस्त्र व प्रसाद भेंट किया।

