Breaking
Fri. Jul 3rd, 2026

अक्षय तृतीया पर 10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान:मथुरा प्रशासन कर रहा तैयारी

दैनिक उजाला, मथुरा : अक्षय तृतीया पर्व पर मथुरा के वृंदावन में स्थित मंदिरों में भगवान के दर्शन करने के लिए दस लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसमें सबसे ज्यादा श्रद्धालु भगवान बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए आएंगे। भगवान बांके बिहारी वर्ष में एक बार चरण दर्शन देते हैं और इस दिन उनका चंदन से शृंगार किया जाता है। अक्षय तृतीया पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।

वहीं बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष कुमार शर्मा ने एडवाइजरी जारी की। कहा कि दर्शनार्थी मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन द्वारा बनाए गए वनवे रूट चार्ट पर चलें। नियमों का पालन करें। मंदिर आते समय श्रद्धालु कीमती सामान, आभूषण अपने साथ न लाएं। मंदिर परिसर के समीप जूता चप्पल रखने की कोई व्यवस्था नहीं है। जूता चप्पल मंदिर के प्रवेश मार्गों से पहले तिराहे-चौराहों पर बने निशुल्क जूता घरों में उतारकर ही मंदिर आएं।

मंदिर में जेबकतरों, चेन कतरों, मोबाइल चोरों से सतर्क रहें। मंदिर में आने वाले बुजुर्ग एवं बच्चों की जेब में नाम, पता एवं फोन नंबर लिखी पर्ची अवश्य लिखकर रखें। ताकि परिजन से बिछुड़ने पर वह पुन: मिल सके। दर्शनार्थियों के लिए खोया पाया केंद्र मंदिर कार्यालय एवं बांकेबिहारी पुलिस चौकी पर बनाया गया है। श्रद्धालु किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना अपने पास खड़े सुरक्षाकर्मी या पुलिस चौकी में अवश्य दें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *