Breaking
Sun. Feb 15th, 2026

इंग्लैंड से सेमीफाइनल खेलेगा भारत:ऑस्ट्रेलिया बाहर; पहली बार किसी ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में पहुंचा अफगानिस्तान

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार छठा मैच जीता और सेमीफाइनल में जगह बना ली। टीम ने सोमवार को सेंट लूसिया में ऑस्ट्रेलिया को 24 रन से हराया। इस जीत से टीम इंडिया ने ग्रुप-1 में टॉप पर फिनिश किया, इससे तय हो गया कि भारत का सेमीफाइनल 27 जून को गुयाना में इंग्लैंड से होगा। वहीं, अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को हरा कर ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल से बाहर कर दिया। अफगानिस्तान पहली बार किसी ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में एंट्री किया। टीम सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी।

भारत इस वर्ल्ड कप में अजेय
टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को सुपर-8 स्टेज में हराकर उन्हें लगभग बाहर कर दिया है। अब ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बांग्लादेश पर निर्भर रहना पड़ रहा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया से पहले सुपर-8 में अफगानिस्तान को 47 और बांग्लादेश को 50 रन से हराया।

टीम इंडिया सुपर-8 के साथ ग्रुप स्टेज में भी अजेय रही। टीम ने आयरलैंड को 8 विकेट, पाकिस्तान को 6 रन और अमेरिका को 7 विकेट से हराया। कनाडा के खिलाफ मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा।

इंग्लैंड से ही सेमीफाइनल क्यों खेलेगा भारत?

भारत ने सुपर-8 के ग्रुप-1 में तीनों मैच जीतकर टॉप पर फिनिश किया। टीम के 3 जीत से 6 पॉइंट्स हैं। दूसरी ओर ग्रुप-2 में साउथ अफ्रीका पहले और इंग्लैंड दूसरे नंबर पर रहा।

ICC नियम के हिसाब से सेमीफाइनल में ग्रुप-1 की टॉपर सामना ग्रुप-2 में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से होना था। भारत ग्रुप-1 में टॉप पर रहा, वहीं इंग्लैंड दूसरे नंबर पर। इसलिए भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल होगा। इसी तरह ग्रुप-2 की टॉपर साउथ अफ्रीका का सेमीफाइनल में सामना ग्रुप-1 में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से होगा।

अफगानिस्तान पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका से खेलेगा

ग्रुप-1 में अफगानिस्तान भारत के बाद दूसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को 21 रन से हराया और उसके बाद बांग्लादेश को हराकर 4 पॉइंट अर्जित किए। अब उनका सामना 27 जून को सुबह 6 बजे से त्रिनिदाद में साउथ अफ्रीका से होगा।
अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक 2 मैच खेले गए। दोनों में अफगानिस्तान को हार मिली। हालांकि, दोनों 2016 के बाद से एक बार भी नहीं भिड़े। दोनों टीमों के बीच इसके अलावा कोई और टी-20 इंटरनेशनल मैच नहीं हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *