Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

मथुरा पानी टंकी हादसा:3 साल पहले गंगा जल परियोजना में बनी थी, लोग बोले- ऐसा लगा बादल फट गया हो

मथुरा : मथुरा वृंदावन नगर निगम के वार्ड संख्या 47 में बनी पानी की टंकी रविवार शाम को धराशायी हो गई। हादसे के बाद मौके पर हाहाकार मच गया। लोगों को लगा कि कोई पानी का सैलाब आ गया हो। आसपास के घरों में पानी भर गया। इसके साथ ही पानी के साथ आए मलबे ने गलियां बंद कर दी। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गयी, तो 10 से ज्यादा लोग घायल हैं, हादसे के बाद जल निगम के काम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि 6 करोड़ कि लागत से बनी पानी की टंकी 3 साल में ही ढह गयी।

कृष्ण विहार कालोनी में विशालकाय पानी की टंकी गिरते ही आसपास के लोगों को ऐसा लगा मानो भूकंप आया हो। ढाई लाख लीटर टंकी पूरे वजन के साथ भरभरा कर गिरी तो समीप के मकान बुरी तरह हिल गए। टंकी का मलबा और पानी भी उनके घरों में भर गया। टंकी में किसी के दबने की आशंका पर लोग बदहवास हो गए।

स्थानीय निवासी घबराकर बाहर आए तो उन्हें हालात का पता चला। एक बारगी तो किसी की समझ में ही नहीं आया कि क्या करें, फिर कुछ साहसी लोग बचाव कार्य में जुटे और टंकी के मलबे की चपेट में आये घायलों को अस्पताल लेकर भागे। यह भी गनीमत रही कि टंकी अपनी ही पिलरों पर धंस गई, किसी एक दिशा में गिरी नहीं। अगर टंकी किसी एक दिशा में गिरती तो हादसा भयावह होता।

बारिश के कारण घरों में चले गए थे बच्चे
कृष्ण विहार कालोनी में शाम को टंकी के नीचे कई बच्चे खेल रहे थे। कई युवक भी टहल रहे थे। इसी दौरान हुई वर्षा होने से बच्चे और युवक घरों में चले गए। इससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। हादसे में एक दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई स्कूटी और बाइकें मलबे में दब गईं।

देर रात तक जिला प्रशासन की टीमें रेस्क्यू चलाकर मलबे को हटाने में जुटी रहीं। कोतवाली थाना क्षेत्र के कृष्ण विहार कालोनी में रविवार शाम को हुए हादसे के बाद कालोनी के लोग डरे-सहमे से हैं। टंकी गिरते ही ढाई लाख लीटर पानी घरों में घुस गया। आसपास के घरों के कमरे पानी से लबालब हो गए।

कांग्रेस ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
घटना स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने इस हादसे को सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलने वाला बताया। कांग्रेसी नेता मुकेश धनगर राहत कार्य करते हुए चोटिल हुए। जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि संबंधित अधिकारियों पर प्राथमिकी होनी चाहिए। पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा मृतक के स्वजन को एक करोड़ सहायता राशि और घायलों को 25 लाख रुपये मिलने चाहिए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *