Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

ममता बनर्जी का एलान, हरियाणा में जिस श्रमिक की गोमांस के शक में हुई हत्या, अब उसके परिवार को मिलेगी नौकरी

कोलकाता : हरियाणा में काम करने के दौरान बंगाल के जिस प्रवासी श्रमिक की पिटाई से मौत हो गई थी, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उसके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का फैसला किया है। यह बात सोमवार सुबह तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने इंटरनेट मीडिया पर साझा की।

आरोप है कि दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती इलाके के रहने वाले साबिर मल्लिक को गोमांस खाने के संदेह में हरियाणा में पीट-पीटकर मार दिया गया। ममता के आदेश पर तृणमूल प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की थी। कुणाल ने कहा कि ममता उसके परिवार के साथ खड़ी हैं, जो भाजपा शासित हरियाणा में उन्मादी हिंसा में मारा गया।

गोमांस खाने के शक में हत्या के पांच आरोपित भेजे जेल
उधर, दादरी जिले के बाढड़ा में गत 27 अगस्त को कथित रूप से गोमांस पकाने के शक को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हीं झुग्गियों में रहने वाले प्रवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय द्वारा पांचों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *