Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

‘पता नहीं डोनाल्ड ट्रंप को कब अक्ल आएगी…’, अमेरिकी राष्ट्रपति पर क्यों भड़क उठे फारूक अब्दुल्ला?

  • जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भड़क उठे हैं, फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि दुनियाभर पर मुसीबत की वजह डोनाल्ड ट्रंप की हरकतें हैं

दुनियाभर के विभिन्न क्षेत्रों में आज कल उथल-पुथल का दौर जारी है। मिडिल ईस्ट समेत कई क्षेत्रों में जंग का माहौल है। इस कारण ऊर्जा संसाधनों की कीमतें बढ़ चुकी हैं। तो वहीं, कई देशों में प्रदर्शन और जमकर हिंसा भी हो रही है। अब जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने इन सभी उथल-पुथल का ठीकरा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर फोड़ दिया है। फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप की हरकतों की वजह से दुनियाभर पर मुसीबत आ रही है।

ट्रंप की वजह से दुनिया पर मुसीबत- फारूक अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा- “डोनाल्ड ट्रंप की हरकतों की वजह से दुनिया पर मुसीबत आ रही है। पता नहीं उन्हें कब अक्ल आएगी। इससे कोई फायदा नहीं होने वाला। पूरी दुनिया इस संकट से गुजर रही है। महंगाई का स्तर ही देख लीजिए। इस महंगाई का सबसे ज्यादा नुकसान गरीबों को उठाना पड़ेगा। अब वक्त आ चुका है कि डोनाल्ड ट्रंप इस आक्रामकता को खत्म कर दें।” फारूक अब्दुल्ला ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि न्याय के हित में, ईरान को अपनी सीमा के भीतर अपना बचाव करने का पूरा अधिकार है।” बता दें कि हाल ही में जानकारी सामने आई थी कि अमेरिका और इजरायल फिर से ईरान पर बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं। इन सैन्य अभियानों की शुरुआत 27 अक्टूबर को होने वाले इज़राइली चुनावों से पहले हो सकती है।

दिल्ली में प्रदर्शन पर भी बोले अब्दुल्ला

फारूक अब्दुल्ला ने भारत की राजधानी दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों पर भी बात की। उन्होंने कहा- “जब भी दिल्ली में सरकार को खतरा महसूस होता है, तो इसमें उन्हें तुरंत  विदेशी हाथ’नजर आने लगता है। वे अपने खुद के कामों पर कभी नजर नहीं डालते। उनका दावा है कि बाहर का कोई व्यक्ति इसे करवा रहा है। लेकिन कौन? अगर वे आरोप लगाते हैं कि इसमें विदेशी ताकतों का हाथ है, तो उनके नाम बताएं, आखिर कौन है? कौन सा देश ऐसा करने की कोशिश कर रहा है? असल में उनके पास कोई नाम नहीं है।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *