- स्थानियों की मांग पर पूर्व मंत्री एवं विधायक ने CM और DM को लिखा पत्र
दैनिक उजाला, बलदेव/मथुरा : बलदेव छठ नजदीक है। 9 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलदेव जी का जन्मोत्सव मनाने के लिए स्थानीय तैयार हैं। ऐसे में बस स्टैंड पर लगी दाऊजी की टूटी प्रतिमा को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। चेयरमैन ने प्रतिमा को स्टेच्यू/सिर्फ सेल्फी पॉइंट करार दिया। अब पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने CM और DM को प्रतिमा नई लगाने को पत्र लिखा है।
बीते दिनों नगर पंचायत के सामने पुराने बस स्टैंड पर लगी दाऊजी की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया। बलदेव नगर पंचायत और बलदेव पुलिस का कहना है कि बंदरों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त की है।
इसे लेकर नगर वासियों में काफी रोष है। बावजूद इसके नगर पंचायत ने लीपा-पोती करते हुए खंडित प्रतिमा को हटाया नहीं है, बल्कि टूटी हुई प्रतिमा को जोड़ दिया गया है। लोगों का कहना है कि खंडित प्रतिमा सनातन धर्म में मान्य नहीं है। इधर बलदेव चेयरमैन डॉ. मुरारीलाल अग्रवाल ने प्रतिमा को स्टेच्यू/सिर्फ सेल्फी पॉइंट करार देते हुए कोई अपवाद न होने की बात कही है।

स्थानीय सोनू पांडेय, रामकिशन पांडेय, भोला, ऋषि, सुभाष, मदन मोहन चौबे कहते हैं कि स्टेच्यू का भजन-पूजन और आरती कौन करता है, जबकि इस प्रतिमा की स्थापना के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी ने अपने हाथों से पूजन किया था।
मामले को तूल पकड़ता देख और नगर वासियों की शिकायत पर पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को नई प्रतिमा स्थापित करने को पत्र लिखा है।

बीते दिन भाजपा नेता मेरुकांत पांडेय ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से नगर पंचायत की करतूत से अवगत कराया और दाऊजी महाराज की प्रतिमा नई लगवाने की मांग की है।
SDM महावन भी नहीं कर पाए समाधान
बीते दिन SDM महावन को नगर वासियों ने प्रतिमा को बदलवाने एवं असमाजिक तत्वों पर कार्यवाही को लेकर एक ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अभी तक SDM ने भी कोई समाधान नहीं निकाला, बल्कि खंडित प्रतिमा को जोड़े जाने पर भी EO को कोई आदेशित नहीं किया। यही कारण रहा कि नगर वासियों को विधायक एवं DM तक के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।


