Breaking
Thu. Feb 19th, 2026

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया:दोनों गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किए; टीम की लगातार पांचवीं जीत

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में शनिवार को डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया। मुकाबला हुलुनबुइर के मोकी हॉकी ट्रेनिंग बेस में खेला गया। भारत की यह टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत है। भारत के लिए दोनों गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किए। पाकिस्तान की ओर से अहमद नदीम ने गोल किया।

भारत 5 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर है। जबकि पाकिस्तान 5 में से 2 मुकाबले जीतकर दूसरे नंबर पर है। दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं।

हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर किए गोल

मुकाबले के दौरान पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबले का पहला गोल पहले क्वार्टर के 7वें मिनट में पाकिस्तान के अहमद नदीम ने किया। यहां शाहीन ने शॉट खेलते हुए डी के अंदर बॉल डाली थी, जिसे नदीम ने डिफ्लेक्ट करके गोल कर दिया। इसी के साथ पाकिस्तान इस मुकाबले में 1-0 से आगे हो गया।

इसके बाद 13वें मिनट में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में कन्वर्ट करके बराबरी कर ली। हरमनप्रीत सिंह ने गोल पोस्ट के राइट कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक करके गोल किया।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को कप्तान हरमनप्रीत ने बढ़त दिला दी। अभिषेक के इंजेक्ट पर हरमनप्रीत ने गोल पोस्ट के सेंटर में शॉट लिया। यही गोल निर्णायक साबित हुआ।

भारत की पाकिस्तान पर 8वीं जीत

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की पाकिस्तान पर यह 8वीं जीत है। दोनों टीमों के बीच यह 12वां मुकाबला था। इस दौरान पाकिस्तान केवल 2 मैच जीत सका है। वहीं 2 मैच ड्रॉ रहे हैं।

सेमीफाइनल 16 को खेला जाएगा

भारत के साथ इस टूर्नामेंट में चीन, कोरिया, जापान, मलेशिया, और पाकिस्तान भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का सेमीफाइनल 16 और फाइनल 17 सितंबर को खेला जाएगा।

भारत सबसे सफल टीम

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 13 साल पहले 2011 में हुई थी। भारतीय हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैंपियन है। भारत ने चार और पाकिस्तान ने तीन बार खिताब जीता है। वहीं 2021 में साउथ कोरिया ने टाइटल जीता था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *