Breaking
Tue. May 19th, 2026

यूपी से किसानों का दिल्ली मार्च, नोएडा एक्सप्रेस-वे बंद:किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ी; पुलिस ने क्रेन-कंटेनर खड़े किए; 5km लंबा जाम

नोएडा : यूपी के 5 हजार किसानों ने दिल्ली के लिए कूच कर दिया है। पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी है। उस पर चढ़ गए। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए दिल्ली-यूपी को जोड़ने वाले चिल्ला बॉर्डर पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की है।

वज्र वाहन और RAF के जवान तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। वाहनों की चेकिंग के चलते 5 किलोमीटर का लंबा जाम लग गया है। इसके चलते नोएडा एक्सप्रेस-वे दोनों तरफ से बंद हो गया है।

इससे पहले, दोपहर 12 बजे से किसान नोएडा के महामाया फ्लाई ओवर के पास 5000 किसान इकट्‌ठा हुए। संसद को घेराव करने के दिल्ली की तरफ बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उनकी पुलिस से नोकझोंक हो गई।

1 दिसंबर यानी कल किसानों ने अपनी 4 मांगों को लेकर नोएडा डीएम मनीष वर्मा और ग्रेटर नोएडा, यमुना, नोएडा अथॉरिटी के सीईओ के साथ बैठक की थी। 3 घंटे तक बैठक चली थी, लेकिन बेनतीजा साबित हुई थी।

1 साल पहले भी इन्हीं मांगों को लेकर किसान संगठनों ने दिल्ली कूच किया था। इस बार किसानों की अगुआई भारतीय किसान परिषद के सुखबीर खलीफा, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पवन खटाना कर रहे हैं।

किसानों की क्या है मांगें…4 पॉइंट में जानिए

  • किसानों को जमीन अधिग्रहण के बदले 10% प्लॉट दिया जाए।
  • 64.7% की दर से किसानों को मुआवजा मिले।
  • नए भूमि अधिग्रहण कानून के अनुसार, बाजार दर का 4 गुना मुआवजा दिया जाए।
  • भूमिधर, भूमिहीन किसानों के बच्चों को रोजगार और पुनर्वास के सभी फायदे दिए जाएं।

नोएडा एक्सप्रेस-वे दोनों तरफ से बंद

नोएडा एक्सप्रेस-वे दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है। ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-18 से डायवर्ट किया गया है। वहीं, नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों को सेक्टर-94 से डायवर्ट कर दिया गया है।

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन रूटों पर डायवर्जन

  1. चिल्ला बॉर्डर से ग्रेटर-नोएडा की ओर जाने वाले वाहन गोल चक्कर चौक से होकर संदीप पेपर मिल चौक, झुंडपुरा चौक जाएंगे।
  2. डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहन फिल्म सिटी फ्लाई ओवर से होकर जाएंगे।
  3. कालिंदी बॉर्डर दिल्ली से आने वाले वाहन महामाया फ्लाई ओवर से सेक्टर 37 होकर जाएंगे।
  4. ग्रेटर नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चरखा गोल चक्कर से कालिंदी कुंज होकर जाएंगे।
  5. ग्रेटर नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन हाजीपुर अंडरपास से कालिन्दी कुंज की ओर जाएंगे।
  6. यमुना एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर दिल्ली जाने वाला यातायात जेवर टोल से खुर्जा की ओर उतरकर जहांगीरपुर होकर जाएंगे।
  7. पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से उतरकर सिरसा, परीचौक होकर दिल्ली जाने वाला यातायात सिरसा पर न उतरकर दादरी, डासना होकर जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *