Breaking
Sat. Oct 24th, 2026

सपा MLC उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने रोते हुए जहां पर लगाया था बूथ कैपचरिंग का आरोप, वहां फिर से होगा मतदान

  • आगरा शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद तीन बूथों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश जारी हुआ है

लखनऊः यूपी में शुक्रवार को हुए एमएलसी चुनाव में आगरा के तीन केंद्रों पर पुर्नमतदान होगा। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने तीन बूथों पर पुनर्मतदान की संस्तुति की थी। प्रस्ताव में आगरा के खेरागढ़, फतेहाबाद और सैया में पुर्नमतदान कराने की सिफारिश की गई थी। हालांकि अभी पुनर्मतदान की तारीख नहीं बताई गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा  का कहना है कि वहां सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद उन्होंने आगरा के संबंधित अधिकारी से बात की थी। जांच के बाद फिर से मतदान कराने का फैसला लिया गया है। 

आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में बूथ संख्या 20, 21 और 26 पर दोबारा मतदान कराने की संस्तुति की गई थी। पुनर्मतदान का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा गया था। इस संस्तुति के आधार पर फिर से मतदान कराने का फैसला लिया गया है।

  इन 3 बूथों पर पुनर्मतदान होगा

  1. बूथ संख्या 20: खेरागढ़ तहसील परिसर के कक्ष संख्या 1 में मतदान केंद्र।
  2.  बूथ संख्या 21: सैंया क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या 1 में मतदान केंद्र।
  3.  बूथ संख्या 26: फतेहाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या 1 में मतदान केंद्र।

सपा उम्मीदवार का रोते हुए वीडियो हुआ था वायरल

सपा उम्मीदवार डॉक्टर आकाश अग्रवाल ने निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराने के लिए मंडल मुख्यालय पहुंचे थे। आकाश अग्रवाल ने बूथ कैपचरिंग आरोप लगाया था। मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) नागेंद्र प्रताप से मुलाकात के बाद वह मीडिया के सामने रो पड़े। उन्होंने कहा, “क्या मुझे चुनाव लड़ने का कोई अधिकार नहीं है? मुझे इस हद तक निशाना बनाया जा रहा है कि पुलिस मुझ पर ड्रग्स या हथियार रखने का झूठा आरोप लगाकर मुझे जेल में डाल सकती है और मुझे पाकिस्तानी बता सकती है।

प्रशासनिक रवैया से हताश एमएलसी डॉक्टर आकाश अग्रवाल भावुक हो गए थे। रोते हुए आकाश अग्रवाल ने कहा था कि मुझे सनातन धर्म में नहीं रहना है। मैं धर्म परिवर्तन करुंगा। उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाने का संकेत दिया था। आकाश अग्रवाल ने कहा था कि मुझे एमएलसी नहीं बनना है। सरकार मेरे अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र का मजाक बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि मुझे और मेरे परिवार के साथ मेरे समर्थक शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। सरकार चाहे तो मुझे जेल में डाल दे। सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल की शिकायत पर चुनाव अधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे। बता दें कि कल हुए चुनाव में सपा ने कई जगहों पर धांधली करने का आरोप लगाया था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *