Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

11-12 अप्रैल को मुंबई जाने वाली 334 ट्रेनें कैंसिल, 185 आधे रास्ते चलेंगी

  • मुंबई के माहिम क्रीक ब्रिज की री-गर्डरिंग के कारण कुल 519 ट्रेनें प्रभावित होंगी, इनमें से 334 ट्रेनें कैंसिल कर दी गई हैं

मुंबई : यात्रियों के लिए पश्चिम रेलवे ने अहम जानकारी देते हुए बताया है कि माहिम क्रीक ब्रिज की री-गर्डरिंग के कारण 11-12 अप्रैल को मुंबई जाने वाली कुल 519 ट्रेनें प्रभावित होंगी। पश्चिम रेलवे 11-12 अप्रैल और 12-13 अप्रैल की रात पुल में मरम्मत का काम करेगा। इस वजह से कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। माहिम और बांद्रा स्टेशनों के बीच पुल की री-गर्डरिंग के कारण कई लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी। बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, 11 और 12 अप्रैल की रात का ब्लॉक साढ़े नौ घंटे का होगा।

पहला ब्लॉक 11 अप्रैल को रात 11 बजे से 12 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे तक होगा। वहीं, दूसरा ब्लॉक 12 अप्रैल को रात 11:30 बजे से 13 अप्रैल को सुबह 9 बजे तक का होगा। इस दौरान मुंबई में ट्रेन सेवाएं बंद रहेंगी। तेज गति से चलने वाली ट्रेनों और धीमी लाइनों के लिए ब्लॉक का समय अलग-अलग होगा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने कहा, “काम के दौरान, कुछ लोकल सेवाओं के साथ-साथ मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित होंगी।”

ये ट्रेनें हुईं रद्द

कुल मिलाकर 334 ट्रेनें पूरी तरह से रद्द रहेंगी। 11 अप्रैल को 132 और 12 अप्रैल को 202 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 185 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जिनमें से 68 पहले दिन और 117 ट्रेनें दूसरे दिन आंशिक रूप से ही चलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए, पश्चिमी रेलवे ने 110 अतिरिक्त ट्रेनें संचालित करने की योजना बनाई है। 11 अप्रैल को 42 और 12 अप्रैल को 68 ट्रेनें चलाई जाएंगी। नौ लंबी दूरी की ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी और लगभग 11 अन्य ट्रेनों को या तो रेगुलेट या री-शेड्यूल किया जाएगा।

इन स्टेशनों पर रुकेंगी ट्रेनें

11-12 अप्रैल और 12-13 अप्रैल की रात को माहिम और बांद्रा स्टेशनों के बीच होने वाला आगामी मेगा ब्लॉक मुंबई की पश्चिमी रेलवे लाइन के कई स्टेशनों को प्रभावित करेगा। इस दौरान, कुछ ट्रेनें महालक्ष्मी​, लोअर परेल​, प्रभादेवी​, माटुंगा रोड​, माहिम​ और खार रोड स्टेशनों पर रुकेंगी।

रेलवे की तरफ से यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं तथा इस अवधि के दौरान असुविधा से बचने के लिए सेवा में होने वाले परिवर्तनों की विस्तृत जांच कर लें। पश्चिमी रेलवे का उपनगरीय नेटवर्क दक्षिण मुंबई के चर्चगेट से लेकर पालघर जिले के दहानु रोड तक फैला हुआ है, जिसमें प्रतिदिन 30 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *