हिसार : हरियाणा के 13 जिलों में आज बारिश हुई, इनमें रोहतक, पंचकूला, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, जींद, गुरुग्राम, पानीपत, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, नूंह और कैथल शामिल हैं।
वहीं, झज्जर में तेज बारिश के साथ आसमानी बिजली एक घर पर गिर गई। जिसके कारण घर की पूरी बिजली लाइन जल गई। घर में लगे दो AC, इनवर्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी खासा नुकसान पहुंचा। जिस कमरे में AC लगा था उस कमरे में महिला सो रही थी हालांकि बिजली गिरने से कुछ ही मिनट पहले वह वहां से उठकर दूसरे कमरे में चली गई थी, जिसके कारण उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि कमरे में लगा AC पूरी तरह जल गया। यह घटना झज्जर शहर के कच्चा बेरी रोड पर स्थित लाल चंद कॉलोनी में दोपहर करीब सवा 3 बजे हुई। मौसम विभाग ने अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत, यमुनानगर में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा है कि पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके कारण 19 जून तक हरियाणा का मौसम इसी प्रकार बना रह सकता है।
वहीं, सोमवार को हिसार के नारनौंद में भी तेज बारिश हुई थी, यहां पानी भरने के बाद एक लोहे के पोल में करंट आने से वकील के पास काम करने वाले 28 वर्षीय मनजीत की मौत हो गई थी।
हरियाणा में बारिश के PHOTOS…

हिसार में हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के गेट पर जमा पानी को निकालते हुए छात्र।

हिसार के सेक्टर 13 में सड़क पर करीब आधा फीट तक पानी भर गया।

फतेहाबाद के जाखल में सुबह करीब 8 तेज बारिश हुई।
2 दिन कहां कितनी बारिश होगी…
- 18 जून: सिरसा और फतेहाबाद में बारिश की संभावना कम है। हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और चरखी दादरी में 25 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, मेवात, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर में 25 से 50 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है।
- 19 जून : अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में 75 से 100 प्रतिशत तक बारिश की संभावना बन रही है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, मेवात, गुरुग्राम में 25 प्रतिशत तक बारिश के चांस हैं। इसके अलावा पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र में 25 से 50 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है।
हिसार में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश हिसार में हुई है। हिसार में सुबह साढ़े 8 बजे तक 61.8MM बारिश हो चुकी है। इसके अलावा भिवानी, रेवाड़ी, सिरसा में 5MM, जींद में 9.5MM, मेवात और सोनीपत में 2.5MM, अंबाला में 7.6MM, महेंद्रगढ़ में 3.5MM, कैथल में 3MM और रोहतक, पंचकूला, करनाल व चरखी दादरी में बारिश दर्ज की गई है।
हरियाणा में 20 जून के बाद कभी भी मानसून की एंट्री
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2 से 3 दिनों में मानसून की उत्तर प्रदेश में एंट्री हो जाएगी। अभी मानसून मध्यप्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर आगे बढ़ रहा है। हरियाणा में 20 जून के बाद कभी भी इसके दस्तक देने की संभावना है। अमूमन हरियाणा में मानसून 29 जून के आसपास की दस्तक देता है। यदि पहले आया तो इसका आगमन करीब एक सप्ताह पूर्व हो जाएगा।

