खातेगांव : मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब भरे वाहन (ट्रक) ने खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल पुरी को अस्पताल ले जाया गया। यहां करीब दो घंटे तक CPR और इलाज के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
टीआई पुरी रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पहुंचे थे। नेमावर पुलिस भी इसी ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस टीम को ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला।
थाना प्रभारी पुरी ने ड्राइवर से बाहर आने को कहा। इसी दौरान वह ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने लगा। इस दौरान पिछला पहिए उन पर चढ़ गया और पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉ. शैलेन्द्र ने बताया, “टीआई की अस्पताल आने से पहले ही मौत हो चुकी थी। बहुत ज्यादा ब्लीडिंग हुई थी। शरीर के कई अंग बुरी तरह डैमेज थे। शरीर पर कई फ्रैक्चर थे। फिर भी हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की।”
तिरंगे में लपेटी पार्थिव देह, गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
पोस्टमॉर्टम के बाद टीआई दिलीप पुरी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया। इसके बाद पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी और परिजन पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

तिरंगे में लिपटी टीआई दिलीप पुरी की पार्थिव देह।
वाहन को संदलपुर में छोड़कर ड्राइवर फरार
ड्राइवर ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को संदलपुर थाने में खड़ा कर दिया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

ट्रक में अलग से बनाए गए कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी।
घटना की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई
घटना की सूचना मिलने पर देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। एसपी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसआईटी बना दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी- पुलिस
आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत ने बताया, ट्रक बेस से करीब दो फीट ऊंचा है। ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी। शराब कितनी है, कहां से लाई थी, यह गिनती के बाद ही पता चलेगा।”
पिता ओमप्रकाश पुरी कृषक होने के साथ कांग्रेस के नेता
देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमण्डल के निवासी थे। परिवार में पत्नी कविता और बेटा-बेटी हैं। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी कृषक होने के साथ कांग्रेस नेता हैं।
बताया जा रहा है कि दिलीप पुरी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बरमण्डल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके छोटे भाई इंदौर में निजी नौकरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार उनके घर पहुंचने लगे हैं।
शराब ठेकेदार के कुछ कर्मचारी हिरासत में लिए गए
बताया जा रहा है कि हादसे में इस्तेमाल ट्रक रतलाम पासिंग का है। पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
आबकारी अधिकारी सुनील भोजने ने बताया कि टिमरनी की शराब दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है।

टिमरनी की शराब दुकान को आबकारी विभाग ने सील कर दिया है।
राहुल जायसवाल का शराब कारोबार से संबंध होने से इनकार
इस मामले में नाम आने पर कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने भास्कर से कहा कि उनकी कोई शराब की दुकान नहीं है। यह दुकान रिश्तेदार पाटन जायसवाल की है और वहां भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं।
राहुल ने कहा – मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। मेरा मुख्य काम बसों और पेट्रोल पंप का है।
कमलनाथ ने सरकार को घेरा, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था की हत्या की खुली घोषणा बताया।
उन्होंने ने टीआई दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं। उनकी पोस्ट में आगे लिखा है- “प्रदेश की पहचान शराब माफिया, ड्रग्स”।
पटवारी ने शराब तस्करी नेटवर्क की जांच की मांग की
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर पोस्ट कर घटना पर सरकार को घेरा। पटवारी ने इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल बताया।
पटवारी ने आरोप लगाया कि अवैध शराब का कारोबार सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने तस्करी नेटवर्क की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
सिंघार बोले- माफिया के मन से शासन-प्रशासन का डर खत्म
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं।
सिंघार ने आरोप लगाया कि अवैध शराब माफिया ने टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकता है?
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या माफिया के मन से शासन-प्रशासन का डर खत्म हो चुका है? उन्होंने मुख्यमंत्री से माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

