झांसी : झांसी में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर उपभोक्ता बिजली विभाग के कर्मियों से भिड़ गए। उपभोक्ता ने स्मार्ट मीटर लगवाने इनकार कर दिया। बिजली कर्मी ने बिजली काटने की धमकी दी तो उपभोक्ता भड़क गए।SDO को धमकी देते हुए कहा- हमाई लाइन काटी तो हम तुम्हें काट देंगे। लल्लू समझ रहे हो हमको।
पहले आइडी कार्ड दिखाओ। उसके बाद बात करेंगे। इसके बाद टीम बिना मीटर लगाए वापस लौट गई। मामला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीगेट अंदर का शनिवार का है। सोमवार सुबह 11 बजे SDO ने पुलिस को तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस ने दो के खिलाफ केस दर्ज किया।

उपभोक्ता हरकरण ने कहा- मुझे स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना है। पहले आप लोग अपना आइडी दिखाइए।
स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे SDO
शनिवार शाम 3 बजे रानी महल पावर हाउस के SDO रामकरन अपनी टीम को लेकर कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगेट अंदर स्मार्ट मीटर लगाने गए थे। यहां मोहल्ला निवासी उपभोक्ता हरकरण के घर टीम पहुंची। SDO के मुताबिक, टीम पुराना मीटर हटाकर नया स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी।
मगर यहां हरकरण ने स्मार्ट मीटर लगवाने से इनकार कर दिया।
कहा- मीटर नहीं लगवाएंगे। जो करना हो कर लो। इसी बीच विकास पांडे नाम का एक व्यक्ति आ गया। वह भी विवाद करने लगा। उसने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
कहा- उपभोक्ताओं ने मुझे और हमारी टीम के साथ अभद्रता की। जान से मारने की धमकी दी। उपभोक्ता ने मुझे काट देने की धमकी देते हुए भगा दिया। धमकी देते हुए का हमारे एक कर्मचारी ने वीडियो बना लिया।
उपभोक्ता बोले- मेरी परमीशन के मीटर मत लगा देना
वीडियो में हरकरण बिजली विभाग से कह रहे हैं कि पहले अपनी आइडी दिखाइए, उसके बाद बात होगी। हम स्मार्ट मीटर नहीं लगवाएंगे। बिना मेरी परमीशन के मीटर मत लगा देना। मुझे ये मीटर नहीं लगवाना है। इसी बीच बिजली कर्मी ने कह दिया कि इनकी बिजली कट जाएगी।
इस पर हरकरण बोले- अगर हमाई लाइन कटी तो हम तुम्हें काट देंगे। हम बताए दे रहे, हमाए घर मीटर न लगा देना। बिजली कर्मी ने कहा मीटर नहीं लगवाओगे तो तुम फंस जाआगे। हरकरण फिर बोले- कैसे फंसा दोगे, बताओ। इसी बीच वहां विकास पांडे पहुंच जाते हैं।

बिजली कर्मियों ने फंसा देने की बात कही तो उपभोक्ता भड़क गए और पुलिस से शिकायत करने की बात कही।
30 मिनट तक होता रहा विवाद, बिना मीटर लगाए लौटी टीम
उन्होंने बिजली कर्मियों से कहा- अगर कोई मीटर नहीं लगवाना चाहता है तो क्या जबरदस्ती लगा दोगे। ये पूरा मोहल्ला मेरा घर है। जबरदस्ती मीटर नहीं लगाने देंगे। जब उपभोक्ता की मर्जी होगी, तब लगेगा मीटर।
जबरदस्ती मीटर लगाओगे तो आप लोग जेल जाओगे। इनका बिजली कनेक्शन नंबर नोट करो। आधे घंटे में इन्हें पता चल जाएगा। यह कहते हुए टीम वापस लौट गई। टीम और उपभोक्ताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बहस हुई।
बिजली टीम ने इसका वीडियो बनाया। इस वीडियो को उन्होंने पुलिस को सौंपा है। कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने बताया- उपभोक्ता हरकरण और विकास पांडे के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

ये तस्वीर 4 जून की है, पान सिंह तोमर की नातिन सपना ने जूनियर इंजीनियर को 7 थप्पड़ जड़े थे।
पान सिंह तोमर की नातिन ने बिजली इंजीनियर को पीटा था
4 जून को बागी पान सिंह तोमर की नातिन सपना ने झांसी में जूनियर इंजीनियर (JE) की पिटाई की थी। उसने JE को 4 सेकेंड में 7 थप्पड़ जड़े थे। बिजली विभाग की टीम बबीना थाना क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने पहुंची थी। टीम में स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के ठेकेदार के साथ बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर वैभव रावत भी शामिल थे।
टीम जब पान सिंह तोमर के बेटे शिवराम के घर पहुंची तो उनकी बेटी सपना तोमर ने पुराना मीटर हटाने से मना कर दिया। वह JE वैभव रावत से बहस करने लगी। फिर सपना ने उसका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर फेंक दिया था। सपना ने उनका हाथ पकड़कर जमीन पर गिराने का प्रयास किया।
जब वह नहीं गिरे तो उन पर थप्पड़ों की बारिश कर दी। उनकी पीठ पर भी दो-तीन मुक्के मारे। इसी बीच उनकी मां शारदा तोमर मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने बेटी सपना को पकड़कर दूर किया और घर के अंदर ले गईं। एसडीओ शिव कुमार कुशवाहा और कंपनी के कर्मी थाने पहुंचे। यहां तहरीर देकर बबीना थाने में सपना तोमर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

