Breaking
Mon. Nov 16th, 2026

उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी खबर, अखिलेश बोले- ‘जो पार्टी जीतने की स्थिति में होगी, उसे वह सीट मिल जाएगी’

  • उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की बीच सीट बंटवारे की स्थिति अभी साफ नहीं हो पाई है। हालांकि इस मामले पर मैनपुरी में अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है।  

अखिलेश ने क्या कहा?

अखिलेश यादव ने कहा, “कांग्रेस पार्टी के साथ हमारी बातचीत आगे बढ़ेगी। हम हर पहलू पर विस्तार से चर्चा करेंगे। मैं फिर दोहराता हूं कि हम दोनों मिलकर तय करेंगे कि कौन सी पार्टी जीत सकती है, जो भी पार्टी जीतने की स्थिति में होगी, उसे वह सीट मिल जाएगी।”

खरगे के घर सुबह 10 बजे यूपी पर होगा मंथन 

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर आज कांग्रेस की भी बड़ी बैठक होने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर सुबह 10 बजे ये मीटिंग होगी। इस बैठक में यूपी की विधानसभावार चुनाव 2027 को लेकर सीट-बंटवारे और मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा होगी। 

बैठक में राहुल गांधी के साथ-साथ यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद शामिल होंगे। ये बैठक इस मायने से भी अहम है क्योंकि 17 नवंबर को सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की बैठक होने वाली है, जिसमें कांग्रेस की मांगी गई 181 सीटों पर भी मंथन होगा।

सपा जातीय गोलबंदी में लगी

बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में जातीय गोलबंदी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर काम शुरू कर दिया है। रविवार को आगरा में समाजवादी पार्टी का दलित महासम्मेलन हुआ। सम्मेलन में अखिलेश यादव भी शामिल हुए। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के पास जमीन नहीं बची है, जहां वो अंगद का पैर रखेगी। उनका मकसद BJP को बस हराना नहीं, हमेशा के लिए मिटाना है।

वहीं आगरा में एसपी के दलित महासम्मेलन पर ओपी राजभर ने निशाना साधा। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार के दौरान, समाजवादी पार्टी के लोग ही दलितों पर अत्याचार, अंधाधुंध लूटपाट और उनकी जमीनों पर अवैध कब्जा करने के लिए जिम्मेदार थे।

फिलहाल तो देखना ये होगा कि यूपी में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर क्या फॉर्मूला बनता है। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *