Breaking
Sun. Nov 15th, 2026

सोशल मीडिया पर खौफ फैलाने वाले 30-हिस्ट्रीशीटरों पर डिजिटल स्ट्राइक:अवैध हथियारों के साथ डालते थे रील्स, इंस्टाग्राम अकाउंट करवाए ब्लॉक

झालावाड़ : सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंगस्टर कल्चर का महिमामंडन और खतरनाक स्टंट से युवाओं को अपराध की दुनिया की ओर आकर्षित करने वाले बदमाशों पर झालावाड़ पुलिस ने डिजिटल स्ट्राइक की है। पुलिस ने जिले के 30 हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधियों के इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक करवा दिए हैं।

इनके सोशल मीडिया अकाउंट से लोगों में भय फैलाने और अपराध को बढ़ावा देने वाली पोस्ट व रील्स अपलोड की जा रही थीं। पुलिस ने IT एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए मेटा के सहयोग पोर्टल के जरिए इन आपराधिक प्रोफाइल को हटवाया है।

गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा दे रहे थे

एसपी अमित कुमार ने बताया- जांच में सामने आया कि कई हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी अवैध हथियारों के साथ वीडियो व रील्स डालकर कुख्यात गैंगस्टरों का महिमामंडन कर रहे थे। सड़कों पर खतरनाक स्टंट के वीडियो के जरिए युवाओं को प्रभावित करने के साथ लोगों में भय पैदा करने की कोशिश भी की जा रही थी।

10 आरोपियों पर डकैती, हत्या के प्रयास सहित कई केस

10 प्रमुख अपराधियों में से झालावाड़ कोतवाली क्षेत्र के अरशद उर्फ अय्यूब उर्फ चिंटू उर्फ चिंट्या पर हत्या के प्रयास, डकैती की योजना, फिरौती और आर्म्स एक्ट सहित 22 मामले दर्ज हैं।

मेठून (अकलेरा) निवासी मुकेश कुमार उर्फ डेकड़िया पर हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट सहित 19 केस दर्ज हैं।

नया तालाब संजय कॉलोनी निवासी विक्की उर्फ कालिया पर जानलेवा हमला, डकैती, रंगदारी और अवैध हथियारों सहित 18 केस दर्ज हैं।

धनवाड़ा निवासी दीपक पारेता पर 11, घाटाखेड़ी निवासी मोहम्मद कैफ खान पर 8 और सोहनखेड़ी निवासी रवि उर्फ रविंद्र सिंह पर 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पालखंदा निवासी रमेशचंद्र तंवर पर 7, झालरापाटन बस स्टैंड निवासी शेखर पटोना उर्फ लॉरेंस पर 6, दुबलिया निवासी अवधेश खटीक पर 4 तथा डग थाना क्षेत्र के पठारी मोहल्ला निवासी अरशद खान पर अपहरण, एनडीपीएस सहित आपराधिक केस दर्ज हैं।

सोशल मीडिया यूजर्स से पुलिस की अपील

झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया- सोशल मीडिया पर अपराध, अवैध हथियारों के प्रदर्शन, स्टंटबाजी और नशा तस्करी को बढ़ावा देने वाले बदमाशों को फॉलो न करें। उनकी पोस्ट को लाइक, शेयर या री-पोस्ट करने से बचें।

संदिग्ध या गैरकानूनी ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर पुलिस स्टेशन को सूचित करें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *