- सोनू सूद ने मुश्किल दौर से गुजर रहे अभिनेता शरद कपूर से मुंबई में मुलाकात की, उन्होंने मेडिकल मदद की व्यवस्था की और संभावित फिल्म प्रोजेक्ट पर भी चर्चा की, जिससे शरद की वापसी की उम्मीद जगी है
बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी, खराब सेहत और काम की कमी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह काफी कमजोर और भावुक नजर आए थे। इसके बाद शरद ने फिल्म इंडस्ट्री से काम और सहयोग की अपील की थी। अब अभिनेता की मदद के लिए बॉलीवुड से एक और बड़ा नाम सामने आया है। अभिनेता और निर्माता सोनू सूद ने शरद कपूर से मुलाकात की है। दोनों की मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोनू ने न सिर्फ शरद की सेहत से जुड़ी जरूरतों का ध्यान रखा है, बल्कि उनके साथ किसी संभावित प्रोजेक्ट को लेकर भी बातचीत की है।
सोनू सूद ने बांद्रा पहुंचकर की शरद कपूर से मुलाकात
द फ्री प्रेस जर्नल की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक शरद कपूर का मदद मांगता वीडियो सामने आने के बाद सोनू सूद ने उनसे मिलने का फैसला किया था। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि सोनू शरद से मिलकर उनके साथ किसी संभावित प्रोजेक्ट पर चर्चा करेंगे। अब सोमवार को सोनू सूद मुंबई के बांद्रा इलाके में शरद कपूर से मिलने पहुंचे। इस दौरान दोनों ने काफी देर तक बातचीत की। उनकी मुलाकात के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सोनू सूद के इस कदम की सराहना कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सोनू सूद ने शरद के लिए जरूरी मेडिकल सप्लाई की व्यवस्था भी की है। हालांकि दोनों के बीच संभावित प्रोजेक्ट को लेकर क्या बातचीत हुई और शरद को किस तरह का काम मिल सकता है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल इस मुलाकात को शरद के लिए एक सकारात्मक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
शरद कपूर की हालत देखकर भावुक हुए थे फैंस
दरअसल कुछ दिन पहले शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उनके चार पालतू कुत्तों को उनकी खराब सेहत के चलते एक एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजा जा रहा था। इस दौरान अभिनेता काफी भावुक नजर आए थे। वीडियो में उनकी कमजोर हालत देखकर प्रशंसकों ने चिंता जाहिर की थी। इसके बाद शनिवार को बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट ने शरद का एक और वीडियो साझा किया। इसमें अभिनेता ने बताया कि वह डिप्रेशन से गुजर चुके हैं और पिछले कुछ समय से मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से अपील की थी कि उन्हें काम दिया जाए और आर्थिक रूप से भी सहयोग किया जाए। उनका कहना था कि वह फिर से अभिनय की दुनिया में लौटना चाहते हैं। शरद की अपील के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी फिल्म निर्माताओं से अभिनेता की मदद करने और उन्हें उनकी प्रतिभा के मुताबिक काम देने का आग्रह किया था।
‘दस्तक’ और ‘जोश’ जैसी फिल्मों से मिली पहचान
शरद कपूर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत ‘मेरा प्यारा भारत’ से की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘दस्तक’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी और इसी फिल्म से सुष्मिता सेन ने भी बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद शरद ‘तमन्ना’, ‘जोश’, ‘खौफ’, ‘क्योंकि… मैं झूठ नहीं बोलता’, ‘जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी’, ‘एलओसी कारगिल’ और ‘लक्ष्य’ जैसी फिल्मों में नजर आए। इन फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई। हालांकि पिछले कई सालों से वह बड़े पर्दे पर सक्रिय नहीं हैं।
2024 में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भी रहे चर्चा में
शरद कपूर साल 2024 में एक विवाद को लेकर भी सुर्खियों में आए थे। उस समय एक 32 वर्षीय महिला ने उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसके बाद पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। हालांकि, शरद ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था। अब सोनू सूद की मुलाकात के बाद शरद कपूर के करियर में दोबारा काम मिलने की उम्मीद जगी है।

