दैनिक उजाला, बलदेव/मथुरा : समाजवादी पार्टी के महान नेता और “छोटे लोहिया” के नाम से प्रसिद्ध पंडित जनेश्वर मिश्र जी की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी (सांस्कृतिक प्रकोष्ठ) द्वारा एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव गौरव पांडे ने जनेश्वर मिश्र जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि “पंडित जनेश्वर मिश्र समाजवादी विचारधारा में दृढ़ विश्वास रखते थे। उनका जीवन डॉ. राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों के प्रति समर्पित रहा और उन्होंने सदैव सामाजिक न्याय, समानता और निर्भय लोकतंत्र के पक्ष में आवाज बुलंद की।”
गौरव पांडे ने कहा कि मिश्र जी का मानना था कि समाज में सभी को समान अवसर मिलने चाहिए और किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। वे संसद के सशक्त वक्ता और जनआंदोलनों के प्रहरी रहे। आज भी उनकी विचारधारा समाजवादी आंदोलन का मार्गदर्शन करती है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जनेश्वर मिश्र जी के सिद्धांतों को अपनाएं और समाजवादी मूल्यों को मजबूती प्रदान करें।
इस मौके पर प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव किशनपुरिया, यूथ जिला अध्यक्ष राघवेंद्र ठाकुर, पीतांबर पांडे, गणेश पांडे, बादल बंसल, पार्षद मुन्ना मलिक, सोनू बौहरे, गणेश पाण्डेय, डॉ. अतेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी ने पंडित जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

