- पुलिस और एसडीएम तक कई बार पहुंची शिकायत, दिन-रात जेसीबी और ट्रैक्टरों से निकाली जा रही मिट्टी
बलदेव (मथुरा), तुलसीराम : कस्बा बलदेव क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन लगातार जारी है। दिन-रात खेतों और खाली पड़ी जमीनों से जेसीबी मशीनों के जरिए मिट्टी का खनन किया जा रहा है। ट्रैक्टरों और डंपरों से मिट्टी का परिवहन भी धड़ल्ले से हो रहा है। लगातार जारी इस गतिविधि को लेकर स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन करने वाले लोग बेखौफ होकर नियमों को ताक पर रखकर मिट्टी निकाल रहे हैं। जेसीबी मशीनों से जमीन में गहरे गड्ढे किए जा रहे हैं, जिससे उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, मिट्टी से भरे वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण रास्तों पर धूल उड़ रही है और सड़कें भी प्रभावित हो रही हैं।

दुकानदारों का कहना है कि मिट्टी के परिवहन से उड़ने वाली धूल के कारण दुकानों पर बैठना तक मुश्किल हो रहा है। राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस मामले में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार पुलिस और एसडीएम तक शिकायत पहुंचाई जा चुकी है। फोन के माध्यम से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बार-बार शिकायतें की जा रही हैं, तो फिर अवैध खनन पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जमीन और आसपास के रास्तों को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है।
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर खनन की जांच कराई जाए, मिट्टी खनन की वैधता और अनुमति की पड़ताल की जाए तथा अवैध खनन में लगे जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए।

