Breaking
Fri. Nov 13th, 2026

आगरा CMO कार्यालय पर 180 फार्मेसी कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन:बोले-मांग नहीं मानी तो महानिदेशालय पर 20 नवंबर को देंगे धरना

आगरा : 18 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को फार्मेसी कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने, पदनाम बदलने, पदोन्नति और रिक्त पदों को भरने सहित अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 20 नवंबर को लखनऊ स्थित स्वास्थ्य महानिदेशालय पर वृहद स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। वहां प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आगे के आंदोलन की रणनीति तय होगी। प्रदर्शन में आगरा के करीब 180 फार्मेसी कर्मचारी शामिल हुए। वहीं, संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेशभर में करीब 7 से 8 हजार कर्मचारी एक दिवसीय धरने पर बैठे।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री एवं जिला मंत्री रविंद्र सिंह राणा ने बताया कि संगठन ने छह महीने पहले मुख्यमंत्री और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वार्ता कर अपनी 18 सूत्रीय मांगें रखी थीं। इसके बावजूद मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण कर्मचारियों को प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि संगठन मरीजों को होने वाली परेशानी को समझता है और नहीं चाहता कि मरीजों को किसी तरह की दिक्कत हो, लेकिन लगातार मांगों की अनदेखी होने के कारण आंदोलन करना पड़ रहा है। 20 नवंबर को लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन के बाद प्रदेश कार्यकारिणी तय करेगी कि आगे किस तरह आंदोलन किया जाएगा। इसमें धरना-प्रदर्शन और हड़ताल जैसे कदम भी शामिल हो सकते हैं।

संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजीव उपाध्याय ने कहा कि आज एक दिवसीय धरना दिया जा रहा है। मांगपत्र सीएमओ के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। प्रदर्शन में संरक्षक वीरेंद्र वार्ष्णेय ने कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन और महानिदेशालय का रवैया अड़ियल और दोषपूर्ण है। अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए सदैव तत्पर रहना होगा। वहीं, प्रांतीय महामंत्री एवं जिला मंत्री रविंद्र सिंह राणा और जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया और 18 सूत्रीय मांगपत्र की जानकारी दी।

ये हैं प्रमुख मांगें

फार्मेसी कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर कर पद और योग्यता के अनुरूप वेतनमान व ग्रेड पे देने की मांग की। इसके साथ ही फार्मेसिस्ट का पदनाम फार्मेसी अधिकारी और चीफ फार्मेसिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी करने, विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी का नाम सहायक निदेशक फार्मेसी करने और सीमित दवाओं का नुस्खा लिखने का अधिकार देने की मांग उठाई।

कर्मचारियों ने नियुक्ति के लिए बी-फार्मा या फार्म-डी योग्यता निर्धारित करने, रिक्त पदों पर पदोन्नति करने, स्थायी वरिष्ठता सूची जारी करने और प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पद बढ़ाने की मांग की। इसके अलावा अस्पतालों में दवाएं पहुंचाने के लिए सरकारी वाहन उपलब्ध कराने, डॉक्टरों की अनुपस्थिति वाले केंद्रों पर पोर्टल संबंधी आदेशों में राहत देने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में दवाओं का वितरण व रखरखाव फार्मेसी कर्मचारियों से कराने की मांग भी की। मेडिकल कॉलेज में बदले गए जिला अस्पतालों से कर्मचारियों को पद सहित कार्यमुक्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

प्रदर्शन में सुभाष बघेल, राजेश बघेल, अनिल कुशवाहा, ऋषि शर्मा, राकेश सुमन, दिलीप कुमार सक्सेना, संतोष कुशवाहा, मनोज शर्मा, जीएस लोहिया, संजय वर्मा, यशपाल सिंह, अजय शर्मा, दीपेंद्र वर्मा, गजेंद्र पाराशर, गौरव देव त्यागी, नवीन तिवारी, सुशील शर्मा, शैलेंद्र वर्मा, नीलू यादव, महेश गुप्ता, संदीप शर्मा, सत्येंद्र शर्मा, अब्दुल अलीम कुरैशी, संजीव तिवारी, अतुल मिश्रा, राकेश बघेल, योगेंद्र पाल, मनोज पचौरी, जैनेंद्र पाल, विमल शर्मा, सौरभ शुक्ला और दीपक यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *