महराजगंज : शासन की ओर से गर्भवती महिलाओं के पोषण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बावजूद जिले में गर्भवती महिलाएं खून की कमी (एनीमिया) से जूझ रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराई गई जांच में 705 महिलाओं के शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर सात ग्राम प्रति डेसीलीटर से भी कम पाया गया है।
गर्भावस्था के दौरान खून की कमी मां के साथ गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है। इससे प्रसव के समय अत्यधिक रक्तस्राव, संक्रमण और अन्य जटिलताओं का जोखिम बढ़ जाता है। वहीं, नवजात का वजन कम होने और समय से पहले प्रसव की आशंका भी रहती है।
जिले में अप्रैल से 11 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग में कुल 54,828 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण हुआ। इस दौरान कराई गई जांच में 45,495 गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर 11 ग्राम प्रति डेसीलीटर से कम दर्ज किया गया है। इनमें 705 महिलाएं ऐसी हैं, जिनका हीमोग्लोबिन सात ग्राम प्रति डेसीलीटर से भी नीचे है।
आंकड़ों के अनुसार पंजीकृत महिलाओं में बड़ी संख्या खून की कमी से प्रभावित है। वहीं, गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की स्थिति अधिक चिंताजनक है। शासन की ओर से गर्भवती महिलाओं के पोषण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्हें आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराने के साथ नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और पोषण संबंधी परामर्श दिया जाता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के माध्यम से भी गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं में खून की कमी सामने आना चिंता का विषय है।
जिला महिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. ज्योत्सना ओझा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, चना, गुड़, मौसमी फल और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करना चाहिए। आयरन के अवशोषण के लिए विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ भी उपयोगी होते हैं। इसके अलावा गर्भावस्था की शुरुआत से ही नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए।
हीमोग्लोबिन की जांच के आधार पर एनीमिया की स्थिति का पता लगाकर उपचार शुरू करना जरूरी है। सामान्य स्थिति में आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां दी जाती हैं। गंभीर एनीमिया होने पर चिकित्सक की निगरानी में विशेष उपचार की जरूरत के अनुसार अन्य चिकित्सकीय उपाय अपनाए जाते हैं। केवल आयरन की गोली देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खून की कमी के वास्तविक कारण का पता लगाना भी जरूरी होता है।

