आगरा : आगरा से भाई दूज पर बहन के घर जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए।
बुधवार शाम जब आगरा के बोदला स्थित शारदा विहार से चारों की अर्थियां एक साथ उठीं तो परिजनों के साथ पूरा मोहल्ला रो पड़ा। भाई दूज के दिन बहन के घर जाने निकले परिवार में अब मातम पसरा है।

भाई दूज पर बहन के घर जा रहे चार भाई की सड़क हादसे में मौके पर मौत हो गई, घटना के बाद क्षतिग्रस्त अर्टिका को क्रेन से हटाते पुलिस कर्मी।
आगरा से औरैया जा रहा था परिवार
आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के बोदला मोहल्ले के रहने वाले परिवार के छह सदस्य अर्टिगा कार से आगरा से औरैया जा रहे थे। कार मोहित चौहान चला रहे थे। कार में चार बड़े और दो बच्चे सवार थे।
इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 118 के पास नगला सवी पूर्वी गांव के सामने कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डीसीएम में पीछे से घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को कार से निकालकर सैफई ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
अस्पताल में चार ने तोड़ा दम, दो बच्चे घायल
हादसे में मोहित चौहान (22), गोविंद (26), हरिओम चौहान (32) और विकास (21) की मौत हो गई। मोहित, गोविंद और हरिओम सगे भाई थे। मोहित, गोविंद और हरिओम के पिता परशुराम हैं, जबकि विकास के पिता का नाम दीनदयाल है।
वहीं, छह वर्षीय हिमांशु और 10 वर्षीय रोतेश भी घायल हुए हैं। दोनों बच्चों की हालत सुरक्षित बताई गई है।

15 दिन पहले ही खरीदी थी नई कार
परिजनों के मुताबिक, परिवार ने 15 अक्टूबर को ही नई अर्टिगा कार खरीदी थी। भाई दूज पर बहन के घर जाने के साथ नई गाड़ी का पूजन कराने की भी योजना थी। परिवार गांव जा रहा था और बहन का घर भी पास में ही है।
मृतकों के पिता परशुराम ने बताया कि परिवार के लोग दिल्ली में काम करते थे। गोविंद की शादी कुछ साल पहले ही हुई थी। परिवार किराए के मकान में रहता है। हादसे में परिवार के चार लोगों की मौत से अब घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा है।
बोदला में पसरा मातम, पिता बार-बार हो रहे बेसुध
हादसे की खबर मिलते ही बोदला स्थित घर में चीख-पुकार मच गई। बुधवार को जब चारों की अर्थियां एक साथ उठीं तो मोहल्ले के लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके। पिता परशुराम का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेसुध हो रहे हैं। भाई दूज पर बहन के घर जाने की खुशियां एक सड़क हादसे में हमेशा के लिए मातम में बदल गईं।

