जयपुर : जयपुर में जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया (25) की बुधवार रात हत्या कर दी गई। हमलावर हिस्ट्रीशीटर का मर्डर करने के लिए 7 साल से इंतजार कर रहे थे।
हमलावरों ने महज सवा मिनट में हिस्ट्रीशीटर को मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने कैम्पर से टक्कर मारकर हिस्ट्रीशीटर की फॉर्च्यूनर को रोका था। हिस्ट्रीशीटर गाड़ी से उतरकर भागने लगा तो बदमाशों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया और सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया था।
करधनी थाना पुलिस की जांच में आया कि पिछले सात साल से रंजिश के चलते विजय पर हत्या के कई बार अटेम्प्ट किए गए थे। मुख्य आरोपी अनीश ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए पूरा मर्डर प्लान किया था।
पुलिस ने गुरुवार सुबह चार आरोपी अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) निवासी जोबनेर को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, विजय बाजिया सरपंच का चुनाव भी लड़ना चाहता था।

हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को घेरकर बदमाशों ने उस पर लाठी-कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए।
7 साल पहले किए मर्डर के बाद चल रहा था विवाद
DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- विजय बाजिया जोबनेर के तिबारियां का रहने वाला था। वह जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर थाने में करीब 7 आपराधिक मामले दर्ज थे।
वह पिछले काफी समय से कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का काम कर रहा था। साल 2019 में उसने जोबनेर इलाके में ही कैलाश नाम के युवक का मर्डर किया था। इसके चलते ही उसका विवाद चल रहा था।
कैलाश के बेटे अनीश ने पिता की मौत का बदला लेने के लिए विजय को कुल्हाड़ी से काट दिया।

पहले भी कई बार हुए हमले
पुलिस जांच में सामने आया कि सात साल पहले हुए विवाद को लेकर पहले भी कई बार विजय बाजिया पर हमला हो चुका था।
पारिवारिक विवाद के साथ ही रंजिश और मुकदमेबाजी को लेकर उसका विवाद चल रहा था। इसके चलते ही विरोधी गुट ने उसकी हत्या की प्लानिंग कर रखी थी।

हिस्ट्रीशीटर की हत्या के बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी शव के पास छोड़ दी थी।
कैम्पर से फॉर्च्यूनर को मारी थी टक्कर
SHO (करधनी) सवाई सिंह तंवर ने बताया- रात करीब 8 बजे हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया अपनी फॉर्च्यूनर में बैठकर कालवाड़ से जयपुर की ओर आ रहा था।
इसी दौरान कालवाड़ रोड पर कैम्पर सवार बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू किया। रेकी कर रहे बदमाशों को देखकर विजय ने बचने के लिए अपनी गाड़ी रावण गेट की तरफ ले ली।

बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर विजय की फॉर्च्यूनर को कैम्पर से टक्कर मारकर रोका था।
जगदम्बा नगर कॉलोनी में हमलावरों ने कैम्पर से उसकी गाड़ी को टक्कर मारी। तेज रफ्तार में टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त होने पर बचने के लिए विजय गाड़ी से निकलकर भागा।
पीछा कर बदमाशों ने लाठी-डंडे सहित कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद कैम्पर में बैठकर आरोपी फरार हो गए थे।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। करधनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर हालत में विजय को कांवटिया हॉस्पिटल भिजवाया। डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जयपुर शहर और ग्रामीण में ए-श्रेणी की नाकाबंदी करवाई थी।

हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया गाड़ी से उतरकर भागने लगा, तब बदमाशों ने उसका पीछा किया था।
विजय धमकी देता था- दो मर्डर कर चुका हूं
प्रॉपर्टी विवाद में विजय बाजिया भी अक्सर धमकी देता था- ‘दो हत्या कर चुका हूं, तीसरी भी कर दूंगा। मेरा क्या बिगाड़ लोगे, मुझे फांसी तो होगी नहीं।’
यहां तक कि उसने अपनी गाड़ी का नंबर भी हत्या की धारा 302 से जोड़कर 0302 ले रखा था। वह नंबर दिखाकर भी लोगों को धमकाता था। प्रॉपर्टी खाली करवाने और कब्जे को लेकर उसका अक्सर विवाद होता था।
15 केस हैं दर्ज
विजय बाजिया के खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थाने में कुल 15 केस दर्ज थे। इनमें 2 हत्या के थे। विजय 10 साल से अपराध में सक्रिय था। उसके संबंध कई गैंग से थे।
सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था
विजय ने हाल ही में खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी की थी। इसके लिए इलाके में पोस्टर भी लगवाए थे।
हालांकि, उसकी आपराधिक छवि और मुकदमों के कारण उम्मीदवारी में अड़चनें आईं। गांव के लोगों ने उसे चुनाव मैदान में नहीं उतरने दिया।

